छत्तीसगढ़

जनसमस्याओं की आवाज बनकर समाज को दिशा देते हैं पत्रकार : उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन में तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता पर दिया जोर, पत्रकार भवन के लिए भूमि आवंटन और निर्माण में सहयोग का दिया भरोसा

जनसमस्याओं की आवाज बनकर समाज को दिशा देते हैं पत्रकार : उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन में तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता पर दिया जोर, पत्रकार भवन के लिए भूमि आवंटन और निर्माण में सहयोग का दिया भरोसा

बिलासपुर, 27 नवंबर 2026/ उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि पत्रकार जनसमस्याओं की आवाज बनकर समाज को दिशा देते हैं। दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान का मार्ग प्रशस्त करने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने समाचार के प्रकाशन एवं प्रसारण से पहले तथ्यों की पुष्टि करने और समाज पर उसके संभावित प्रभाव का ध्यान रखने का आह्वान किया। श्री साव आज बिलासपुर के स्व. लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री अरविंद अवस्थी और प्रदेश महासचिव श्री विश्व दीपक राय उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी है। किसी व्यक्ति से संबंधित समाचार के प्रकाशन से पहले पूरी पड़ताल आवश्यक है, क्योंकि अपुष्ट जानकारी से उसकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है। उन्होंने पत्रकारिता को तपस्या बताते हुए कठिन परिस्थितियों में भी जनहित के मुद्दों को सामने लाने वाले पत्रकारों का अभिनंदन किया। बिलासपुर और रायपुर में पत्रकार भवन के लिए भूमि की मांग पर श्री साव ने संघ से दोनों शहरों में भूमि चिह्नित कर खसरा नंबर एवं राजस्व अभिलेखों के साथ संबंधित कलेक्टर को आवेदन देने का आग्रह किया। उन्होंने भूमि आवंटन की प्रक्रिया में शासन की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाया। भूमि आवंटन के बाद भवन निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराने में भी सहयोग की बात कही। उन्होंने बताया कि बिलासपुर की पत्रकार कॉलोनी में सड़क एवं नाली निर्माण के लिए भूमिपूजन हो चुका है और इन कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने कहा कि पत्रकारिता नागरिकों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने और जनसमस्याओं से प्रशासन को अवगत कराने का सशक्त माध्यम है। समस्याओं को तथ्यपरक ढंग से सामने रखने से जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के साथ संवाद के जरिए समाधान निकालने में मदद मिलती है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री अरविंद अवस्थी ने पत्रकार सुरक्षा कानून और पत्रकार बीमा योजना लागू करने, पत्रकार सम्मान निधि के नियम सरल बनाने तथा आर्थिक सहायता की राशि बढ़ाने की मांग रखी। सम्मेलन में संघ के कोषाध्यक्ष श्री अनिल पवार, संयोजक श्री राजेश मिश्रा, श्री निर्मल सलूजा, श्री रामाधार पटेल, श्री मनोज मिश्रा, श्री रवि शुक्ला, श्री निर्मल शुक्ला, श्री अरविंद शुक्ला और श्री इरशाद अली सहित प्रदेशभर से आए पत्रकार उपस्थित थे। इस अवसर पर श्री मोहित जायसवाल, डॉ. तिलक राम साहू, श्री चंद्र प्रकाश सूर्या और श्री राजेश सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे। संघ के कोषाध्यक्ष श्री अनिल पवार ने आभार व्यक्त किया।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button