बिल्हा विकासखंड के ग्राम उमरिया और डाकाचका को मिली विकास की सौगात: पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने 33.19 लाख के कार्यों का किया लोकार्पण

बिल्हा विकासखंड के ग्राम उमरिया और डाकाचका को मिली विकास की सौगात: पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने 33.19 लाख के कार्यों का किया लोकार्पण
छत्तीसगढ़ बिलासपुर भूपेंद्र साहू की रिपोर्ट /बिल्हा, विकासखंड बिल्हा के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति देते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक आज ग्राम उमरिया एवं ग्राम डाकाचका में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने दोनों ग्राम पंचायतों में कुल 33.19 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर ग्रामवासियों को समर्पित किया। ग्राम उमरिया में 11.69 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन तथा 5 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित मंगल भवन का लोकार्पण किया गया। वहीं ग्राम डाकाचका में 6.50 लाख रुपये के मंगल भवन, 6.50 लाख रुपये के सामुदायिक भवन और 3.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित दुर्गा मंच का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य गांव, गरीब और किसान का समग्र विकास है।
श्री कौशिक ने कहा – “बिल्हा विधानसभा के प्रत्येक गांव का विकास हमारी प्राथमिकता है। आंगनबाड़ी भवन बनने से हमारे छोटे बच्चों को बेहतर पोषण और शिक्षा का वातावरण मिलेगा, माताओं को सुविधा होगी। मंगल भवन और सामुदायिक भवन बनने से गांव के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक स्थायी स्थान मिलेगा, अब ग्रामीणों को किसी भी आयोजन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।” “दुर्गा मंच का निर्माण हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक कदम है। नवरात्रि और अन्य धार्मिक आयोजनों में इस मंच का उपयोग होगा। यह 33.19 लाख के कार्य केवल ईंट-पत्थर की इमारतें नहीं हैं, बल्कि ग्रामीणों की सुविधाओं और उनके सम्मान से जुड़े हैं।”
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बिल्हा क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े और भी बड़े कार्य कराए जाएंगे। डबल इंजन की सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है और केंद्र एवं राज्य की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनपद सदस्य, सरपंच, पंचगण, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए श्री कौशिक का आभार व्यक्त किया।



