छत्तीसगढ़

कुतुल में हितग्राहियों से संवाद कर समस्याओं का लिया जायजा, अधूरे आवास निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश’

गोटुल परिसर में चौपाल आयोजित कर पीएम आवास एवं पीएम जनमन योजना के निर्माण कार्यों की समीक्षा’

’कुतुल में हितग्राहियों से संवाद कर समस्याओं का लिया जायजा, अधूरे आवास निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश’

नवम्बर 2026// जिले के जनपद पंचायत ओरछा अंतर्गत ग्राम पंचायत कुतुल में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं पीएम जनमन आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार ग्राम के पारंपरिक गोटुल परिसर में चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में पंचायत प्रतिनिधियों, संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में आवास निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई, कार्य स्थल पर जाकर निरीक्षण किया गया तथा शेष कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

चौपाल के दौरान पीएम आवास के जिला समन्वयक गिरेंद्र साहू ने आवास योजना के हितग्राहियों से सीधे संवाद कर निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। हितग्राहियों ने आवास निर्माण के दौरान आ रही विभिन्न व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं, निर्माण सामग्री की उपलब्धता, किस्तों के भुगतान तथा अन्य स्थानीय कठिनाइयों से अवगत कराया। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा उत्पन्न न हो।

समीक्षा के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि शासन की महत्वाकांक्षी आवास योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचे और स्वीकृत आवास निर्धारित समयावधि में पूर्ण हों। अधिकारियों ने हितग्राहियों एवं मैदानी अमले को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने, योजनाओं के प्रावधानों के अनुरूप कार्य करने तथा अधूरे आवासों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही आवास निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग एवं हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने पर भी जोर दिया गया।

ग्राम के पारंपरिक गोटुल परिसर में ग्रामीणों के साथ आयोजित इस चौपाल का उद्देश्य योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, हितग्राहियों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना तथा आवास निर्माण कार्यों को गति प्रदान करना रहा। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button