Accidentअपराधखास खबरछत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

विवाद के बाद युवक को कार से मारी टक्कर, काफी दूर तक घसीटा; आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। पुलगांव चौक में विवाद के बाद एक युवक को कार से पीछे से टक्कर मारकर काफी दूर तक घसीटने के मामले में पुलगांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार CG-04-HJ-9238 को भी जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, विजय वैष्णव अपने दोस्तों के साथ पुलगांव चौक स्थित पान ठेले के पास खड़ा था। इसी दौरान राजनांदगांव की ओर से आ रही कार की विजय को टक्कर लग गई। इसके बाद विजय और कार चालक के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि कार चालक ने वाहन से उतरकर विजय के साथ मारपीट की और धमकी दी। इसके बाद विजय पैदल पोटिया की ओर जाने लगा। इसी दौरान आरोपी ने कार से उसका पीछा किया और पीछे से जानबूझकर कार की टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद भी आरोपी ने कार नहीं रोकी और विजय को वाहन से घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। विजय के दोस्तों ने कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी लगातार वाहन चलाता रहा। इस दौरान विजय को गंभीर चोटें आईं। बाद में उसके दोस्तों ने वाहन रुकवाकर उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

मामले की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 711/2026, धारा 109(1) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी और वाहन की तलाश करते हुए अजय कुमार गारूडीक, उम्र 56 वर्ष, निवासी बोरसी, दुर्ग को कार सहित पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी का जिला अस्पताल दुर्ग में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें चिकित्सक द्वारा शराब सेवन का उल्लेख किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने युवक को कार से टक्कर मारने और घसीटने की घटना स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली गई है।

दुर्ग पुलिस ने अपील की है कि सड़क पर किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें। वाहन चलाते समय यातायात नियमों और गति सीमा का पालन करें।

Related Articles

Back to top button