CISF में बड़ा प्रमोशन: सितांशु शेखर मिश्रा और विनय काजला बने आइजी, चेन्नई-दिल्ली में तैनाती

बोकारो। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल सीआइएसएफ में कार्यरत दो उप महानिरीक्षक को महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नति दी गई है। इनमें बीएसएल बोकारो इकाई के पूर्व डीआइजी सितांशु शेखर मिश्रा एवं बीसीसीएल धनबाद इकाई पूर्व डीआइजी विनय काजला शामिल है।इस बाबत केंद्रीय मंत्रिमंडलीय समिति ने इनके नाम पर अपनी अंतिम मुहर लगा दी है। नव प्रोन्नत अधिकारियों को सीआइएसएफ के महानिदेशक ने बधाई देते हुए उन्हें संरक्षण एवं सुरक्षा के मूलमंत्र पर इसी प्रकार बेहतर तरीके से काम करने का निर्देश दिया है।सितांशु शेखर मिश्रा वर्तमान समय में एनसीएल नवेली इकाई में डीआइजी के पद पद कार्यरत है, जहां उन्हें आइजी बनाते हुए साउथ सेक्टर चैनई मुख्यालय की जिम्मेवारी सौंपी गई है। जबकि डीआइजी विनय काजला को दिल्ली मुख्यालय में आइजी प्रशिक्षण एवं नियुक्ति विभाग का कार्यभार दिया गया है।सितांशु मिश्रा बीएसएल के अलावा सीसीएल करगली इकाई में भी लंबे समय तक डीआइजी के पद पर काम काज करते हुए कोयला चोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए कई अपराधियों को सलाखों को पीछे भेज चुके है। उनके इसी कर्तव्य निष्ठा को देखते हुए सीआइएसएफ मुख्यालय ने उन्हें डीआइजी से आइजी के पद पर पदोन्नति दी है।



