देश के प्रमुख व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) की कवर्धा इकाई द्वारा शहर की बाजार व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण अपील जारी की गई है।

📄
कवर्धा। देश के प्रमुख व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) की कवर्धा इकाई द्वारा शहर की बाजार व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण अपील जारी की गई है।
CAIT ने हाल ही में नगर पालिका, पुलिस विभाग एवं यातायात विभाग द्वारा आयोजित संयुक्त बैठक एवं उसके पश्चात शनिवार दिनांक 11/04/2026 को किए गए संयुक्त बाजार निरीक्षण (Joint Market Visit) की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल शहर के व्यापारिक माहौल को सुधारने की दिशा में एक सकारात्मक और आवश्यक कदम है।
CAIT पदाधिकारियों ने बताया कि शहर के मुख्य बाजार, विशेष रूप से रिषभदेव चौक से गुरुनानक गेट तक, व्यापार में लगातार गिरावट देखी जा रही है। इसका प्रमुख कारण दुकानों के बाहर अनावश्यक रूप से सामान फैलाकर रास्ता घेर लेना है, जिससे ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी होती है और वे बाजार से दूरी बनाने लगते हैं।
CAIT के जिलाध्यक्ष दीप शर्मा, जिला कार्यकारी अध्यक्ष वनीत सिंह सलूजा एवं जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश तिवारी ने संयुक्त रूप से कहा कि यदि समय रहते इस समस्या को नहीं रोका गया, तो यह पूरे बाजार के लिए धीमा जहर (Slow Poison) साबित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि कुछ दुकानदारों द्वारा किया जा रहा अतिक्रमण केवल व्यक्तिगत लाभ नहीं, बल्कि पूरे बाजार के व्यापार को प्रभावित कर रहा है। ग्राहक को यदि सहज मार्ग नहीं मिलेगा, तो वह बाजार में आने से बचेगा, जिससे सभी व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ेगा।
CAIT ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि —
दुकान के बाहर सड़क एवं फुटपाथ को खाली रखें
ग्राहकों के लिए पर्याप्त आने-जाने की जगह सुनिश्चित करें
किसी भी प्रकार के स्थायी या अस्थायी अतिक्रमण से बचें
बाजार को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने में सहयोग करें
पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह पहल किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि व्यापार को बचाने और बढ़ाने के लिए एक सामूहिक प्रयास है।
CAIT ने विश्वास जताया कि प्रशासन एवं व्यापारियों के संयुक्त सहयोग से कवर्धा का बाजार एक बार फिर व्यवस्थित, सुरक्षित और आकर्षक रूप में विकसित होगा



