न्यू लोको कॉलोनी में छठ महापर्व की भव्यता, संध्या अर्घ्य में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, धरमलाल कौशिक ने लिया छठी मैया का आशीर्वाद, कौशिक बोले – छठ महापर्व लोक आस्था, कठिन तपस्या और भारतीय संस्कृति की अनुपम पहचान है, छठी मैया सभी के जीवन में सुख-समृद्धि लाएं

न्यू लोको कॉलोनी में छठ महापर्व की भव्यता, संध्या अर्घ्य में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, धरमलाल कौशिक ने लिया छठी मैया का आशीर्वाद, कौशिक बोले – छठ महापर्व लोक आस्था, कठिन तपस्या और भारतीय संस्कृति की अनुपम पहचान है, छठी मैया सभी के जीवन में सुख-समृद्धि लाएं
छठ पूजा महोत्सव समिति द्वारा मां मरीमाई मंदिर प्रांगण, न्यू लोको कॉलोनी, बिलासपुर में आयोजित छठ महापर्व के पावन अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने संध्या अर्घ्य में सम्मिलित होकर छठी मैया एवं भगवान सूर्य देव का आशीर्वाद प्राप्त किया। संध्या अर्घ्य के दौरान पूरा मंदिर प्रांगण छठी मैया के जयकारों, छठ गीतों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते व्रतियों की अटूट श्रद्धा, कठिन तपस्या और भक्ति को देखकर पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हो गया। व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के निर्जला व्रत के साथ पूरी श्रद्धा से सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया।
इस दौरान विधायक श्री धरमालाल कौशिक ने उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट कर सभी को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं दी। उन्होंने व्रतियों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया और समिति के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते व्रतियों की अटूट श्रद्धा, कठिन तपस्या और भक्ति हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति एवं लोक आस्था की अनुपम पहचान है। श्री कौशिक ने कहा कि छठ महापर्व केवल एक पर्व नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, पवित्रता, संयम और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व है। इसमें डूबते और उगते सूर्य दोनों की पूजा की जाती है, जो हमें जीवन में सुख-दुख में समान भाव रखना सिखाता है। यही हमारी सनातन संस्कृति की महानता है। बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अब छत्तीसगढ़ में भी छठ महापर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाना हमारी सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि छठी मैया सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद प्रदान करें। सभी व्रतियों की मनोकामनाएं पूर्ण हों और क्षेत्र में खुशहाली बनी रहे। इस अवसर पर छठ पूजा महोत्सव समिति के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, युवा एवं पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


