तैरना आता है…’ बोलकर नहर में कूदा बालक, CG में मामी-नानी संग नहाने गया बच्चा तेज बहाव में बहा, तीन घंटे बाद मिला शव

कोरबा: उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तरदा, मोहल्ला जंगलपारा में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। नौ वर्षीय रोशन कंवर अपनी मामी और नानी के साथ नहर में नहाने गया था। इसी दौरान उसने तैरना आने की बात कहकर अचानक तेज बहाव वाली नहर में छलांग लगा दी और कुछ ही क्षणों में धारा के साथ बह गया।
बचाने की कोशिश रही असफल
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने बालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा के कारण कोई सफलता नहीं मिली। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद तलाश अभियान शुरू किया गया।
तीन घंटे बाद मिला शव
लगातार खोजबीन के बाद करीब तीन घंटे की मशक्कत में बालक का शव लगभग सात किलोमीटर दूर पंतोरा के पास बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
परिवार में पसरा मातम
रोशन कंवर मूलतः कोथारी कचोरा का निवासी था। उसके पिता विष्णु कंवर मजदूरी और खेती-किसानी करते हैं। कुछ दिन पहले वह अपने स्वजनों के साथ तरदा आया हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही माता-पिता और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।
पुलिस जांच जारी
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मृतक के स्वजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने लोगों से नहरों और जलाशयों के पास सावधानी बरतने की अपील की है।




