तोखन साहू:छत्तीसगढ़ स्वाभिमान, श्रम और समृद्धि की 25 वर्षों की यात्रा/माटी में अस्मिता, संस्कृति में समरसता — राज्योत्सव 2025 में छत्तीसगढ़ की धरा ने रचा नव इतिहास : श्री तोखन साहू*

तोखन साहू:छत्तीसगढ़ स्वाभिमान, श्रम और समृद्धि की 25 वर्षों की यात्रा/माटी में अस्मिता, संस्कृति में समरसता — राज्योत्सव 2025 में छत्तीसगढ़ की धरा ने रचा नव इतिहास : श्री तोखन साहू*
छत्तीसगढ़ बिलासपुर भूपेंद्र साहू ब्यूरो रिपोर्ट/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2025 के मुख्य समारोह में भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और प्रदेश की रजत जयंती पर राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में श्री साहू ने कहा कि —
“यह माटी सिर्फ धरती नहीं, यह हमारी अस्मिता है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति सादगी में सौंदर्य, मेहनत में मर्यादा और परंपरा में प्रगति का प्रतीक है।”
श्री साहू ने कहा कि राज्य ने 25 वर्षों में विकास के हर आयाम में उल्लेखनीय प्रगति की है —
पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास के सभी आयामों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। राज्य की सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) जहाँ वर्ष 2000 में ₹50,000 करोड़ थी, वह आज बढ़कर ₹4.5 लाख करोड़ से अधिक हो चुकी है, जो प्रदेश की मजबूत अर्थव्यवस्था और सतत विकास का प्रतीक है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अब तक 26 लाख से अधिक परिवारों को पक्के मकान प्रदान किए जा चुके हैं, जिससे प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित आवास का अधिकार सुनिश्चित हुआ है। जल जीवन मिशन के माध्यम से 40 लाख से अधिक घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुँचाया गया है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में जीवनस्तर में सुधार आया है।
कृषि क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं — पीएम किसान सम्मान निधि के तहत राज्य के 26 लाख किसानों को ₹567 करोड़ से अधिक की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है, जिससे उनकी आय और उत्पादन क्षमता में वृद्धि हुई है। महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महतारी वंदन योजना ने नई मिसाल कायम की है, जिसके तहत 70 लाख महिलाओं को प्रति माह ₹1,000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है। ऊर्जा क्षेत्र में भी राज्य ने ऐतिहासिक छलांग लगाई है — जहाँ वर्ष 2000 में उत्पादन क्षमता मात्र 4,500 मेगावॉट थी, वहीं अब यह बढ़कर 25,000 मेगावॉट तक पहुँच चुकी है।
साथ ही, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और जगदलपुर जैसे प्रमुख शहर स्मार्ट सिटी मिशनके अंतर्गत आधुनिक शहरी विकास के प्रतीक बन चुके हैं। ये सभी उपलब्धियाँ इस बात का प्रमाण हैं कि छत्तीसगढ़ ने बीते 25 वर्षों में परिश्रम, योजना और समर्पण के बल पर आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में एक नई पहचान बनाई है।
श्री साहू ने बताया कि छत्तीसगढ़ ने पिछले 25 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, ऊर्जा और अवसंरचना के क्षेत्र में ऐसी प्रगति की है, जिसने राज्य को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाया है। उन्होंने कहा कि –
“पच्चीस वर्ष पहले हमने जिस छत्तीसगढ़ का सपना देखा था, आज वह आत्मनिर्भरता, समावेश और सेवा के पथ पर अग्रसर है।”
उन्होंने राज्य सरकार और केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को साकार किया है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्री साहू ने सभी नागरिकों, कलाकारों और आयोजकों को राज्योत्सव की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा —“छत्तीसगढ़ की यह यात्रा केवल विकास की नहीं, बल्कि संस्कार, समरसता और श्रम की विजय गाथा है।”



