छत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

उप मुख्य सचिव से चर्चा कर विधायक वोरा ने शुरू करवाया पाईप लाईन का कार्य

दुर्ग। एक तरफ  जहां पूरा देश कोरोना महामारी की वजह से लॉक डाउन का सामना कर रहा है सारा प्रशासनिक अमला इसकी रोकथाम में लगा हुआ है दूसरी तरफ  लोगों की मूलभूत आवश्यकताएं व संबंधित विकास कार्य भी अटके पड़े हैं। इसी कड़ी में दुर्ग शहर में अमृत मिशन के अंतर्गत 152 करोड़ की लागत से किया जा रहा पाइप लाइन विस्तार कार्य भी रुक गया था जिस पर संज्ञान लेते हुए शहर विधायक अरुण वोरा ने उप मुख्य सचिव सुब्रत साहू से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अब जबकि यह स्पष्ट हो गया है कि इस वैश्विक संकट के बीच ही आर्थिक गतिविधियां धीरे धीरे प्रारंभ करना जरूरी है ऐसे में लोगों की मूलभूत जरूरतों से संबंधित विकास कार्यों को भी गति देना आवश्यक है। अमृत मिशन योजना मार्च 2020 तक पूर्ण किया जाना प्रस्तावित था किन्तु अब तक केवल 60 प्रतिशत कार्य ही हो सका है। बढ़ती गर्मी के साथ ही भू जल स्तर गिरने व पेयजल संकट का खतरा बढ़ रहा है लोगों को इस परेशानी से निजात दिलाने पाइप लाइन विस्तार व नल कनेक्शन प्रदाय का काम तत्काल शुरू किया जाना चाहिए। वोरा की पहल पर सचिव श्री साहू द्वारा तत्काल निगम आयुक्त को कार्य प्रारंभ करने निर्देशित किया व 24 घंटे से भी कम समय में मिशन का कार्य पुन: प्रारंभ कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button