छत्तीसगढ़
महिला के घर शराबखोरी, युवकों ने कर दी अपने ही दोस्त की हत्या

सबका संदेश न्यूज़ छत्तीसगढ़ बिलासपुर- महिला के घर बैठकर शराब पीने के बाद दो युवकों ने मिलकर सोमवार शाम अपने ही एक साथी की हत्या कर दी। उन्होंने बाहर क्रिकेट खेल रहे बच्चों से बैट छीना और फिर उसी से जमकर मारा। जब वो गिर पड़ा तो दूसरे साथी ने सिर पर पत्थर पटक दिया। इसके बाद दोनों वहां से भाग निकले। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के बीच सारा विवाद भी उसी महिला को लेकर हुआ था।
अवैध रूप से शराब बेचती है महिला, तीनों अक्सर वहां जाते थे
- जानकारी के मुताबिक, जरहाभाठा ओमनगर निवासी दिनेश गढ़ेवाल (25) पिता बद्री गढ़ेवाल गैरेज में मिस्त्री था। सोमवार को वह काम पर नहीं गया था। घर के बाहर खड़ा था इसी दौरान दोपहर 1.30 बजे शांति नगर करीम बाड़ा निवासी घनश्याम टोंडे (21) व अभिषेक नंदेश्वर (28) उसके घर पहुंचे। तीनों दोस्त थे। दोनों दिनेश को घूमने के बहाने अपने साथ ले गए। वे सीधे इंद्रपुरी महिला के घर पहुंचे। यहां उनका हमेशा आना-जाना था। तीनों यहां शराब पी रहे थे। दौर शाम तक चला। तीनों नशे में चूर हो गए। इसके बाद उनके बीच महिला को लेकर विवाद होने लगा।
- यहां से झगड़ते तीनों बाहर निकले। पास के मैदान में गए। यहां बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। अभिषेक ने उनसे बैट छीन लिया और उससे दिनेश पर हमला कर दिया। जब वह गिर पड़ा तो घनश्याम ने पास ही पड़े पत्थर को उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। इससे दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों मौके पर ही पत्थर व बैट छोड़कर भाग खड़े हुए। कुछ ही देर बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों जिस महिला के घर बैठे थे और जिसके कारण हत्या हुई वह अपने घर में शराब बेचती है। उसका कई लोगों से झगड़ा हो चुका है। उसने कुछ दिन पहले दिनेश को धमकी दी थी।
विज्ञापन समाचार हेतु सपर्क करे-9425569117/9993199117