पाेते के जन्मदिन पर केक-बिरयानी लेने निकले दादा को पीठ में मारी गोली, आरोपी पुलिस हिरासत में

सबका संदेश न्यूज़ छत्तीसगढ़ रायपुर- पोते के जन्मदिन पर केक और बिरयानी लेने गए दादा पर इलाके के ही एक युवक ने गोली चला दी। गोली लगने के बाद घायल को परिजनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घायल ने आरोपी को गोली मारकर भागते हुए देख लिया था। पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वो मोबइल बंद कर फरार हो चुका है। इधर पुलिस ने मंगलवार सुबह आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
टिकरापारा भाठागांव गोलीकांड में घायल जावेद के पोते का सोमवार को जन्म दिन था। वह रात करीब 8 बजे केक और बिरयानी लेने निकला था। करीब डेढ़ घंटे बाद वह केक और बिरयानी लेकर लौट रहा था। घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूरी पर उसे गोली लगी। वह नीचे गिरा और मदद के लिए चिल्लाया। वहीं उसका एक दोस्त खड़ा था। उसने उसे सहारा दिया और गाड़ी में बिठाकर सीधे घर ले गया। वहां पहुंचते ही जावेद जोर से चिल्लाया मुझे गोली मार दी, जल्दी अस्पताल लेकर चलो। उसके बाद परिवार वाले उसी मोपेड में अस्पताल लेकर गए।
फोन बंद कर फरार हो गया आरोपी
पुलिस करीब 15 मिनट बाद पहुंची। पूरे इलाके को छावनी बना दिया गया। पुलिस की एक टीम ने उसी समय आलम के घर दबिश दी, लेकिन आलम नहीं मिला। इस समय तक परिवार वाले जावेद को अस्पताल ले जा चुके थे। आला अफसर सच्चाई जानने के बाद सीधे अस्पताल पहुंचे। इधर क्राइम ब्रांच के पुराने जवानों को बुलाकर छानबीन में लगा दिया गया। उसके बाद आलम के मोबाइल का लोकेशन ट्रेस किया गया। गोली मारने के बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया। पुलिस पूरी रात खोजबीन में लगी रही। आखिरकार आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
गिरते समय देखा था आलम को
गोली लगने के बाद जावेद का बैलेंस गड़बड़ाया और वह गिर पड़ा। उसने पलटकर देखा, आलम भाग रहा था। घर पहुंचते ही उसने अपने परिवार वालों को बताया कि आलम ने उसे गोली मारी है। जावेद के करीबियों का कहना है कि आरोपी जावेद से डरता था। जावेद ने उसे एक बार दौड़ाकर जमकर पिटाई की थी। इसी वजह से जब जमीन पर गिरे जावेद ने उसे देखा तो वह डर गया और पिस्टल वहीं फेंककर भाग गया।
डॉक्टर ने निकाली गोली
अस्पताल में आधी रात सर्जरी के बाद जावेद की पसलियों में धंसी गोली निकाल ली गई। पुलिस अफसरों ने बताया कि जावेद ने दो शादी की है। उसका एक मकान संताेषीनगर में और दूसरा भाठागांव में दुर्गा मंदिर के पास है। जावेद अपनी दूसरी पत्नी के घर आया था। वहीं उसके पोते का जन्मदिन था। केक के साथ सबने बिरयानी की फरमाईश कर दी। इसी वजह से वह खुद बिरयानी लेने निकल गया था।
विज्ञापन समाचार हेतु सपर्क करे-9425569117/9993199117