छत्तीसगढ़

मौसम का मिजाज:हल्के बादलों ने राजधानी में रोकी गर्मी, आज भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार

राजधानी में पिछले एक हफ्ते के दौरान औसतन 40 डिग्री के आसपास चल रहे दोपहर के तापमान में हल्की नमी की वजह से शुक्रवार को 3 डिग्री से ज्यादा की गिरावट आ गई। यहां दोपहर का तापमान गिरकर 36.8 डिग्री पर पहुंच गया। हालांकि यह भी सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा है। पूरे प्रदेश में दोपहर की गर्मी में पिछले 24 घंटे के दौरान मामूली कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने शनिवार को राजधानी में हल्के बादल और प्रदेश में कहीं-कहीं अंधड़-बूंदाबांदी के आसार जताए हैं।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पिछले कुछ दिन से प्रदेश में अचानक गर्मी बढ़ी थी। इस वजह से यहां आसपास से नमी आ रही है। कोई बड़ा सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए मौसम में यह बदलाव अस्थायी है तथा अगले 24 घंटे तक ही नजर अाएगा। इस दौरान दोपहर का तापमान कम रहेगा, लेकिन हल्के बादलों से रात में गर्मी और उमस भी महसूस होगी।

राजधानी में भी इसी शुक्रवार को सुबह साढ़े 5 बजे न्यूनत म तापमान 23 डिग्री के करीब पहुंच गया। यह भी सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। लेकिन नमी की वजह से दुर्ग में पिछली रात कुछ ठंडी हुई और तापमान घटकर 18 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 3 डिग्री कम है। रात का तापमान अंबिकापुर में लगभग इतना ही रहा, जबकि वह ठंडा इलाका माना जाता है। मौसम विभाग ने शनिवार को राजधानी में दोपहर का तापमान 36 डिग्री और रात का तापमान 22 डिग्री के आसपास रहने की संभावना व्यक्त की है

Related Articles

Back to top button