प्रोफेसर पति को तेज आवाज में डांटती है शिक्षिका पत्नी, थाने में पहुंचा

आगरा के थाना कमला क्षेत्र की रहने वाली शिक्षिका अपने एसोसिएट प्रोफेसर पति को तेज आवाज में डांटती है। स्कूली बच्चों की तरह समझाती है। इस बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हो गया। दोनों अलग-अलग रहने लगे। बुधवार को यह मामला महिला थाना में पहुंच गया। यहां पर काउंसिलिंग की गई। इसके बाद दोनों साथ रहने को तैयार हुए थाना कमला नगर क्षेत्र के एक डिग्री कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर की शादी तीन साल पहले प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका से हुई थी। शिक्षिका स्कूल में बच्चों को तेज आवाज में डांटती है। इस कारण शिक्षिका की तेज आवाज में बोलने की आदत पड़ गई। वह घर में भी पति से इसी तरह बात करती थी।
पहले तो पति ने ध्यान नहीं दिया। मगर, पत्नी की इस तरह की आदत से अब उन्हें परेशानी होने लगी। उन्होंने पत्नी से स्कूल की भाषा में घर में बात करने के लिए मना किया। मगर, शिक्षिका का अंदाज नहीं बदल सका। इस पर विवाद बढ़ गया। दोनों में झगड़े होने लगे।
एक महीने से पति अलग खाना बनाने लगा। इस पर शिक्षिका ने पति पर पिटाई का आरोप लगाते हुए महिला थाना में शिकायत कर दी। पुलिस ने पति को बुलाया। उन्होंने बताया कि पत्नी उन्हें डांटती है। पुलिस ने दोनों की काउंसिलिंग की।
महिला थाना की प्रभारी निरीक्षक अलका सिंह ने बताया कि दोनों शिक्षण कार्य से जुड़े हुए हैं। दोनों के बीच विवाद तेज आवाज में बात करने को लेकर है। एक महीने से पति अलग खाना खुद बना रहा था। उन्हें समझाया गया।
उन्हें बताया गया कि नौकरी के दौरान जो करते हैं, उसे अपने जीवन में शामिल नहीं करें। घर में आम लोगों की तरह आपस में बातचीत और व्यवहार करें। इसके बाद दोनों विवाद नहीं करने और सहमति से साथ रहने को तैयार हो गए हैं। एक महीने बाद फिर से बुलाया गया है।
महिला थाना के प्रभारी निरीक्षक अलका सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद के तकरीबन 450 मामले चल रहे हैं। ये पिछले दो साल के हैं। एक हजार से अधिक मामलों को पुलिस ने सुनने के बाद काउंसिलिंग की। इसके बाद निस्तारित कर दिया गया।
अधिकतर मामलों में छोटी वजह पति-पत्नी के बीच झगड़े की वजह बनती है। ऐसे में परिवार नहीं बिगड़े, उसके लिए पति-पत्नी को समझाया जाता है। घरवालों को भी बुलाते हैं। कई बार परिजनों के दखल से भी झगड़ा होता है।