रिसाली निगम आयुक्त जायजा लेने पहुंचे बाजार क्षेत्र, दुकानों को को करवाया बंद

कोरोना से प्रभावित वार्ड में चला विशेष सफाई अभियान
भिलाई। ईदुलअजहा और रॉखी के त्यौहार को देखते हुए व्यापारियों को जिला प्रशासन ने 4 घंटे व्यवसाय करने की छुट दी है। इसके बाद भी कुछ दुकान संचालक नियमों की अनदेखी कर रहे है। इसे देख अपर कलेक्टर व रिसाली निगम के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे बाजार क्षेत्र पहुंचे और समझाइश देते हुए दुकानों को बंद कराया। वहीं राजस्व निरीक्षक की टीम नेवई क्षेत्र में मछली पकडऩे वालों को समझाइश दी और निर्धारित से अधिक समय तक दुकानदारी करने पर किराना व्यापारी से जुर्माना वसूला।
बुधवार सुबह निगम आयुक्त, नोडल अधिकारी रमाकांत साहू, कार्यपालन अभियंता आर. के. साहू व पूर्व पार्षद केशव बंछोर स्टेशन मरोदा, छत्तीसगढ़ सब्जी मंडी, टंकी मरोदा, आजाद मार्केट, कुष्णा टॉकिज रोड, मैत्रीकुंज मार्केट क्षेत्र तथा रूआबांधा समेत रिसाली बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्धारित समय के बाद खुले दुकानों को देखने के बाद अधिकारियों ने चेतावनी देते हुए दुकानों को बंद कराया। निरीक्षण के दौरान ही राजस्व निरीक्षक अनिल मेश्राम की टीम नेवई पहुंची। जहां फिजिकल डिस्टेंस नियमों की अनदेखी कर मछली पकडऩे वाले मछुवारों को समझाइश दी गई। और आखेट को बंद कराया गया।
इन दुकानों से वसूला जुर्माना
नियमों की अवहेलना करने पर रिसाली निगम के अधिकारियों ने बुधवार को नेवई स्थित बलराम किराना स्टोर्स और वार्ड 41 डुंडेरा में बिना मास्क लगाए किराना सामान बेचने पर व्यापारी से 1000-1000 रूपए जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बिना मास्क लगाए घरों से निकलने पर 300 रूपए का अर्थदण्ड वसूला गया। नेवई पुलिस व निगम की संयुक्त टीम ने भी चालानी कार्यवाही करते हुए 1100 रूपए वसूल किया।
कंटेनमेंट जाने में चला विशेष सफाई अभियान
जिन क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है उन क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम सोडियम हाइपोक्लोराइड घोल से सेनेटाइजर का कार्य कर रहे है। बुधवार को जोरातराई, आजाद मार्केट क्षेत्र, मैत्रीनगर छाया गार्डन के आस-पास विशेष सफाई अभियान चला कर कचरा उठाया गया।
कराई जा रही मुनादी
निगम आयुक्त के निर्देश पर घनी आबादी समेत बाजार, व्यापारिक क्षेत्र में लॉकडाउन नियमों की अवधि बढ़ाए जाने और नियमों का पालन कराने मुनादी कराया जा रहा है। इसके अलावा प्रभावित क्षेत्र स्टेशन मरोदा क्षेत्र में दुकानों को बंद कराकर बाजार को अन्य क्षेत्र में स्थानांतरित किया गया है।