छत्तीसगढ़

राष्ट्रपति पुरस्कार परीक्षण शिविर में बिलासपुर जिले के रोवर्स एवं गाइड्स ने लिया हिस्सा

राष्ट्रपति पुरस्कार परीक्षण शिविर में बिलासपुर जिले के रोवर्स एवं गाइड्स ने लिया हिस्सा

बिलासपुर, 24 नवम्बर 2026/ भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, राज्य मुख्यालय, बिलासपुर द्वारा राष्ट्रपति स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर प्रमाण-पत्र जाँच परीक्षा-2026 के अंतर्गत पाँच दिवसीय राज्य स्तरीय परीक्षण शिविर का आयोजन 19 से 23 नवंबर 2026 तक राज्य प्रशिक्षण केंद्र, खोडरी में किया गया।
राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंदरजीत सिंह खालसा एवं राज्य सचिव श्री अमित क्षत्रिय के निर्देशानुसार तथा जिला मुख्य आयुक्त श्री राजेन्द्र कुमार साहू, जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त (स्काउट) श्री संदीप पाण्डेय और जिला आयुक्त (गाइड) श्रीमती आरती राय के मार्गदर्शन में बिलासपुर जिले से सात प्रतिभागियों ने शिविर में सहभागिता की। इनमें रोवर वर्ग से नितेश चंद्राकर, चन्द्रशेखर पंकज एवं तुषार विश्वकर्मा तथा गाइड वर्ग से दिव्या पटेल, हिमांशी श्रीवास, सत्या साहू एवं किरण साहू शामिल रहीं।
शिविर के शुभारंभ समारोह में श्री पीयूष गुप्ता, अध्यक्ष, रेलवे भर्ती बोर्ड, बिलासपुर एवं राज्य मुख्य आयुक्त, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा श्री यू. शिव शंकर राव, राज्य सचिव एवं मंडल कार्मिक अधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस राज्य स्तरीय परीक्षण शिविर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, छत्तीसगढ़ एवं मध्य प्रदेश से कुल 104 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से 70, छत्तीसगढ़ से 28 तथा मध्य प्रदेश से 6 प्रतिभागी शामिल थे। प्रतिभागियों में 13 स्काउट्स, 39 गाइड्स, 30 रोवर्स एवं 22 रेंजर्स सम्मिलित रहे।
शिविर में राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा नामित ऑब्जर्वर तथा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के आठ अधिकृत परीक्षकों द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम एवं परीक्षण मानदंडों के अनुरूप प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक ज्ञान, नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक दक्षता, अनुशासन, सेवा भावना तथा स्काउटिंग एवं गाइडिंग से संबंधित आवश्यक कौशलों का परीक्षण किया गया।
शिविर के द्वितीय दिवस श्रीमती शिवरंजनी पोपली वर्मा, राज्य आयुक्त (गाइड) एवं उप मुख्य संरक्षा अधिकारी (संकेत एवं दूरसंचार), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने शिविर स्थल का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस राज्य स्तरीय परीक्षण शिविर का आयोजन श्री पीयूष गुप्ता, राज्य मुख्य आयुक्त, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया। शिविर के सफल संचालन एवं समुचित व्यवस्थाओं में श्री अनुराग कुमार सिंह, जिला आयुक्त (स्काउट) एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक का मार्गदर्शन एवं सहयोग विशेष रूप से सराहनीय रहा। बिलासपुर जिले के रोवर्स एवं गाइड्स की इस सहभागिता को स्काउटिंग एवं गाइडिंग के क्षेत्र में उनकी सक्रियता, अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button