कलेक्टर नम्रता जैन ने जनदर्शन में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं’

कलेक्टर नम्रता जैन ने जनदर्शन में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं’
’त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश’
नारायणपुर, 23 सितंबर 2026// कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए और समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। जनदर्शन में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। जनदर्शन में जिला नारायणपुर के आधार ऑपरेटरों ने पिछले 6 से 7 माह से लंबित वेतन भुगतान कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम पंचायत कलमानार द्वारा बिजली संबंधी समस्या के निराकरण की मांग रखी गई।
इसी प्रकार ग्राम कोचवाही निवासी मंतेर पोटाई ने आबादी भूमि में नाम जुड़वाने एवं ग्राम पंचायत द्वारा किए जा रहे भेदभाव के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। सरपंच ग्राम पंचायत झारावाही द्वारा गांव में खेल मैदान एवं सामुदायिक भवन उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। वहीं सरपंच ग्राम पंचायत चांदागांव ने क्षेत्र में बीएसएनएल टावर स्थापित कराने के संबंध में आवेदन दिया। रामेश्वर सलाम, निवासी आतरगांव बेसेमेटापारा ने अपनी पुत्री मलको सलाम को वापस बुलवाने के संबंध में कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। सरपंच ग्राम पंचायत मातला द्वारा आरसीसी पुलिया निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की मांग रखी गई। वहीं ग्राम भाटीपारा निवासी मदीना देवांगन ने परिवार की सूची के विवरण एवं सेवा पुस्तिका में पत्नी का नाम जोड़ने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर नम्रता जैन ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जनदर्शन के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की जा रही है।



