13 हजार करोड़ के ड्रग्स केस में UAE से लाया गया वांटेड वीरेंद्र बसोया, 21 अगस्त तक NCB को मिली कस्टडी

पुणे की एक अदालत ने कथित ड्रग किंगपिन वीरेंद्र सिंह बसोया को 21 अगस्त तक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की हिरासत में भेज दिया है. बसोया को हाल ही में UAE से भारत प्रत्यर्पित किया गया था और रविवार को उसे कड़ी सुरक्षा के बीच पुणे की अदालत में पेश किया गया.
इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली की एक अदालत ने NCB की याचिका पर बसोया का तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड मंजूर किया था, ताकि उसे पुणे की अदालत में पेश किया जा सके. NCB ने अदालत से छह दिन की कस्टडी मांगी थी, जबकि बचाव पक्ष ने सिर्फ चार दिन की हिरासत की मांग की.अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि बसोया लंबे समय तक विदेश में रहा है और कई ड्रग मामलों में उसका नाम सामने आया है. जांच एजेंसी का दावा है कि वह एक बड़े ड्रग तस्करी सिंडिकेट में अहम भूमिका निभा सकता है.
अभियोजन के मुताबिक, NCB और पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में करीब 9,000 किलो मेफेड्रोन जब्त किया गया है. पुणे के विश्रांतवाड़ी और दिल्ली में भी बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद हुई थी. इस मामले में कई आरोपी हैं और NCB बसोया से बाकी आरोपियों की भूमिका, नेटवर्क और फरार आरोपियों के बारे में पूछताछ करना चाहती है.
दरअसल, 2024 में पुणे में 500 ग्राम मेफेड्रोन की बरामदगी के मामले में पहली बार बसोया का नाम सामने आया था. मेफेड्रोन एक सिंथेटिक स्टिमुलेंट है, जिसे आम बोलचाल में “म्याऊं म्याऊं” भी कहा जाता है. इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए पूरे ड्रग तस्करी नेटवर्क को खंगाला गया.
जांच में पुणे से करीब 867 किलो और दिल्ली से करीब 970 किलो मेफेड्रोन बरामद होने की बात सामने आई, यानी कुल करीब 1,837 किलो ड्रग्स की रिकवरी हुई. NCB की मुंबई यूनिट ने जांच अपने हाथ में लेने के बाद बसोया को कथित तौर पर इस सिंडिकेट का मास्टरमाइंड बताया, जो विदेश से नेटवर्क को संचालित करता और भारत से मेफेड्रोन की खेप दूसरे देशों तक पहुंचाने में भूमिका निभाता था.
बसोया का नाम दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के एक अलग मामले में भी सामने आया है, जो अंतरराष्ट्रीय कोकीन तस्करी से जुड़ा है. NCB के डिप्टी डायरेक्टर जनरल (ऑपरेशंस) नीरज गुप्ता के मुताबिक, पुणे पुलिस द्वारा 2024 में केस दर्ज किए जाने के अगले ही दिन बसोया दुबई भाग गया था. उनके मुताबिक, वह ड्रग तस्करी नेटवर्क का “बड़ा किंगपिन” है और उसके खिलाफ नवंबर 2025 में इंटरपोल रेड नोटिस जारी किया गया था.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा था कि NCB ने बसोया को UAE से वापस लाने में सफलता हासिल की है, जो नशीले पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति में एक “नया मील का पत्थर” है. अब NCB की कस्टडी में उससे ड्रग सिंडिकेट और उससे जुड़े आरोपियों को लेकर पूछताछ की जाएगी




