छत्तीसगढ़ में युवती से रेप करता रहा मकान मालिक, गर्भ ठहरा तो दीं पेन किलर; मां-नवजात दोनों की

दिलीप गुप्ता ब्यूरोचीफ
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दुखाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग मकान मालिक गरीबी का फायदा उठाकर अपनी 22 साल की किरायेदार के शरीर से खेलता रहा और जब वह गर्भवती हो गई तो उसने पहले तो यूट्यूब पर गर्भपात के तरीके खोजे और जब कुछ समझ नहीं आया तो अपनी मर्जी से उसे पेनकिलर्स देता रहा। जिसके चलते दवा के ओवरडोज से युवती और नवजात दोनों की मौत हो गई। यह घटना जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में हुई।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि किराए के मकान में रहने वाली 22 वर्षीय युवती से बुजुर्ग मकान मालिक ने दुष्कर्म किया था और गर्भवती होने पर अपनी करतूत छिपाने के लिए पेनकिलर दवा देकर युवती और उसके नवजात की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी की पहचान सुनील कुमार घरडे (59) के तौर पर हुई है। युवती अपनी मां, बहन और भाई के साथ पिछले करीब तीन साल से उसके मकान में किराए पर रह रही थी। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था और युवती की मां मजदूरी कर घर चलाती है।
गरीबी का फायदा उठा बढ़ाई नजदीकियां
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले हंसी-मजाक करने के नाम पर युवती से नजदीकियां बढ़ाईं और फिर बाद में उसने पैसे का लालच और घर से निकालने की धमकी देकर युवती के साथ कई बार दुष्कर्म किया। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। चार महीने बाद युवती ने अपनी मां को गर्भ ठहरने की जानकारी दी। जब मां ने आरोपी से सवाल किया तो उसने बदनामी का डर दिखाकर मामला दबाने की कोशिश की।
यू-ट्यूब पर ढूंढे गर्भ गिराने के तरीके
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने गर्भ गिराने के तरीकों को लेकर यूट्यूब पर कई वीडियो सर्च किए थे। हालांकि उसे कोई तरीका समझ नहीं आया तो उसने बच्चे के जन्म के बाद उसे ठिकाने लगाने की योजना बना ली।
जन्म के बाद लगाना चाहता था बच्चे को ठिकाने
पुलिस के मुताबिक नौ मार्च को गर्भ के नौवें महीने में युवती को प्रसव पीड़ा शुरू हुई, जिसके बाद आरोपी मेडिकल स्टोर से बिना डॉक्टर की सलाह के पेनकिलर दवाइयां लाकर युवती को खिलाने लगा। दर्द बढ़ने पर उसने दो और गोलियां दे दीं। इसी दौरान प्रसव प्रक्रिया शुरू हो गई और इसके बात बच्चा और मां दोनों की मौत हो गई।
अंतिम संस्कार करने से पहले खुल गई पोल
घटना के बाद आरोपी अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, तभी युवती के रिश्तेदार वहां आ पहुंचे। शव की स्थिति देखकर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। पोस्टमॉर्टम में खुलासा हुआ कि युवती के गर्भ में लगभग तीन किलो का नवजात शिशु था, जो बाहर आते समय फंसा हुआ था।
युवती की कॉल डिटेल में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला
पुलिस ने जब युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो किसी अन्य व्यक्ति से संबंध के संकेत नहीं मिले। इसके बाद आरोपी के मोबाइल की जांच में गर्भपात से जुड़े सैकड़ों वीडियो सर्च मिलने पर संदेह गहरा गया। डीएनए जांच की बात सामने आने पर आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।



