दुल्हन का दहेज…; LPG किल्लत के बीच छत्तीसगढ़ के होटल का अनोखा नोटिस

दिलीप गुप्ता ब्यूरो चीफ
देश के कई हिस्सों में LPG सिलेंडरों की भारी किल्लत ने घर की रसोई से लेकर बड़े होटलों और शादी-ब्याह के कार्यक्रमों तक हलचल मचा दी है। इस बीच छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर सबको चौंका दिया है। यहां एक स्थानीय होटल के बाहर एक साइन बोर्ड लगा हुआ है जो इस संकट की गंबीरता को साफ-साफ उजागर करता है। इस बोर्ड पर लिखा है – दुल्हन का दहेज: कमर्शियल गैस आपकी तरफ से, व्यवस्थाएं होटल की तरफ से।
यह अनोखा नोटिस एक ऐसे होटल ने लगाया गया है, जो शादियों की बुकिंग पूरी करने के लिए गैस की भारी किल्लत से जूझ रहा है। होटल के मैनेजर पूर्णेंद्र मजूमदार के अनुसार, यह बोर्ड उस कड़वी सच्चाई को बयां करता है जिससे आज पूरा होटल उद्योग जूझ रहा है। उन्होंने बताया कि वे लगातार हिंदुस्तान पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल और विभिन्न गैस एजेंसियों के संपर्क में हैं, लेकिन हर जगह से उन्हें कोरा जवाब मिल रहा है। एजेंसियां नया स्टॉक देने से मना कर रही हैं, जिससे होटल के संचालन पर तलवार लटक गई है।
एक दो दिन का स्टॉक ही बचा
मैनेजर ने बताया कि उनके पास केवल एक या दो दिन का स्टॉक बचा है, जिसके बाद उन्हें मजबूरी में होटल और रेस्टोरेंट बंद करना पड़ेगा। बिना कमर्शियल सिलेंडर के उन बड़ी रसोइयों को चलाना असंभव है जो शादियों और बड़े आयोजनों के लिए खाना तैयार करती हैं। यह स्थिति केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के कई शहरों में स्ट्रीट फूड स्टॉल और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों की आजीविका पर संकट बन गई है। जो परिवार आने वाले दिनों में शादियों की तैयारी कर रहे हैं, उनके सामने भी इस समस्या से निपटना, सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है।
