रायपुर में बढ़ने लगी गर्मी, मार्च के अंत तक 41°C तक पहुंच सकता है तापमान, पिछले 5 साल के जानिए आंकड़े

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में फरवरी के दूसरे सप्ताह से ही गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगी थी. हालांकि सुबह और शाम के समय मौसम अभी भी थोड़ा सुहावना रहता है, लेकिन अब मार्च में दोपहर में तेज गर्मी महसूस होने लगी है. आगे तापमान 41 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है.
मध्य छत्तीसगढ़ के रायपुर में फिलहाल अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस समय उत्तर-पश्चिम दिशा से शुष्क हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण तापमान बढ़ रहा है. यह स्थिति अगले 8 दिनों तक बनी रह सकती है.
अगले 7 से 8 दिनों तक प्रदेश में उत्तर-पश्चिम से शुष्क हवाएं चलेंगी, जिसके कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है.”- मौसम वैज्ञानिक बीके चिंधालोरे
रायपुर में 41 डिग्री तक पारा पहुंचने का अनुमान
मार्च के अंतिम सप्ताह तक रायपुर और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में तापमान लगभग 33 डिग्री और दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में करीब 36 डिग्री दर्ज किया गया है.
पिछले 5 सालों में मार्च के अंत में रायपुर का तापमान जानिए
- 2021- 41.2°C
- 2022- 41.6°C
- 2023- 37.6°C
- 2024- 40.8°C
- 2025- 40.8°C
मई-जून में होगी भीषण गर्मी
मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि मई और जून के महीनों में इस साल भी भीषण गर्मी पड़ सकती है और अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.




