दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में संरक्षा सुदृढ़ीकरण हेतु वृहद प्रशिक्षण अभियान, सघन निरीक्षण ।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में संरक्षा सुदृढ़ीकरण हेतु वृहद प्रशिक्षण अभियान, सघन निरीक्षण ।
बिलासपुर, 02 मार्च’ 2026 दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के मार्गदर्शन एवं प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी अनूप कुमार सत्पथी के नेतृत्व में संरक्षा सुदृढ़ीकरण हेतु वृहद प्रशिक्षण अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत माह जनवरी–फरवरी 2026 के दौरान प्रशिक्षण, निरीक्षण एवं जागरूकता से जुड़ी अनेक व्यापक गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
इस क्रम में चालक दल एवं ट्रेन मैनेजरों के लिए गोंदिया लॉबी, शहडोल लॉबी तथा विद्युत लोको प्रशिक्षण संस्थान (ईएलटीसी), उसलापुर में विशेष सेमिनार आयोजित किए गए। इन सेमिनारों में क्रू मैनेजमेंट सिस्टम में असामान्यताओं की प्रविष्टि, कैब बदलने की प्रक्रिया, आरएस वाल्व का सुरक्षित संचालन तथा रेलवे बोर्ड के नवीनतम निर्देशों के अनुरूप गति नियंत्रण जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक विषयों पर गहन मंथन किया गया, जिससे मानवीय त्रुटियों को न्यूनतम कर रेल दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
संरक्षा सुदृढ़ीकरण अभियान के अंतर्गत फरवरी माह में बिलासपुर–उमरिया एवं उमरिया–शहडोल सेक्शन का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ट्रैक की समग्र स्थिति, रेल जॉइंट, वेल्ड, बैलास्ट प्रोफाइल, पुल-पुलिया, समपार फाटक तथा सिग्नलिंग उपकरणों की गहन जाँच की गई। उमरिया यार्ड एवं स्टेशन निरीक्षण के दौरान यार्ड प्रबंधन, पॉइंट एवं क्रॉसिंग, ट्रैक अनुरक्षण व्यवस्था तथा संरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता की विस्तृत समीक्षा की गई और कर्मचारियों को संरक्षा नियमों के अक्षरशः अनुपालन के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में शहडोल स्टेशन पर दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) एवं दुर्घटना राहत चिकित्सा यान (एआरएमवी) की तत्परता, उपलब्ध संसाधनों तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी आपदा राहत संसाधन सदैव पूर्णतः सज्ज एवं तत्पर अवस्था में उपलब्ध रहें।
अभियान के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ आयोजित संरक्षा गोष्ठियों में यह दोहराया गया कि संरक्षित रेल संचालन का मूल आधार अनुशासन, सतर्कता, निरंतर प्रशिक्षण एवं नियमों के प्रति अटूट निष्ठा है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महाप्रबंधक के मार्गदर्शन एवं प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में वृहद प्रशिक्षण अभियान, नियमित निरीक्षण तथा सतत निगरानी के माध्यम से संरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करते हुए सुरक्षित, भरोसेमंद एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएँ सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।



