जामुल पालिका अध्यक्ष ईश्वर ठाकुर ने जामुल के विकास के लिए 37 करोड़ 95 लाख का बजट किया पेश करोड़ों की लागत से तालाब, चौक और उद्यानों का होगा सौंदर्यीकरण, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी होगा कार्य

भिलाई। नगर पालिका परिषद जामुल के अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर ने आज आत्मविश्वास से लबरेज अपने कार्यकाल का पहला बजट पेश किया। उन्होंने 2022-23 में 37 करोड़ 94 लाख 95 हजार रूपये आय एवं 37 करोड 73 लाख 35 हजार रूपये व्यय का प्रावधान रखते हुए कुल 21 लाख 60 हजार रूपये के लाभ का बजट पेश किया है।
पालिका अध्यक्ष श्री ठाकुर ने इस दौरान बताया कि जो अनुमानित बजट पेश किया गया है इस बजट में आम जनता से जुड़े कई विकास कार्यों को समाहित किया गया है। साथ ही जामुल क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखा गया है। बजट बैठक के दौरान विपक्षी पार्षदों ने अन्य मुद्दों को उठाया। जिसमें पक्ष और विपक्ष के पार्षदों की सबसे अधिक पीड़ा और नाराजगी जामुल क्षेत्र में भूमाफियों द्वारा अवैध कब्जा कर जमीन बेचने और पालिका प्रशासन द्वारा कार्यवाही नही किये जाने को लेकर था। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि अवैध प्लाटिंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्री ठाकुर ने कहा कि अभी मुझे कार्यभार संभाले ठीक से दो महिने भी नही हुए। ये सब मामले सामने आ रहे है, अब मैं इसे संज्ञान में ले रहा हूं और आप सबकी और वार्डों की जो भी समस्याएं हैं
उसे जल्द ही मिलबैठक कर सुलझा लिया जायेगा। आज बजट बैठक है आज बजट पर चर्चा कर लेते है, इसके बाद जल्द ही एक और बैठक बुलाकर वार्डों की समस्याएं जो भी उसके उपर चर्चा कर वहां की समस्याओं को सुलझाने के साथ ही पार्षदों से सलाह मशविरा कर उनके हिसाब से वार्डों का विकास कार्य प्रारंभ किया जायेगा।
जामुल पालिका क्षेत्र में विकास के लिए पेश गये बजट में तालाब सौंदर्यीकरण से लेकर सड़क, नाली, पानी के साथ-साथ सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक की बातों को समाहित किया। बजट में अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर ने बताया संपत्तिकर, समेकितकर, जलकर, पालिका की संपत्ति से आने वाला किराया, विकास शुल्क आदि को मिलाकर
1546.35 करोड़ रुपए की आय पालिका को होती है। इसके साथ ही पूंजीगत आय के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए केंद्र और राज्य सरकार से 22 करोड़ 48 लाख 60 हजार रुपए की आय प्राप्त होती है। इस सब के साथ ही उन्होंने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए कुल 37 करोड़़ 73 लाख 35 हजार रुपए के व्यय का प्रावधान रखा है। इसमें 1526.75 करोड़ का राजस्व व्यय और 2246.60 करोड़ रुपए का पूंजीगत व्यय शामिल है।
बजट की प्रमुख घोषणाएं
तालाब सौंदीकरण, पुष्पवाटिका, खेल मैदान आदि के लिए 3.2 करोड़ रुपए, सर्व समाज मांगलिक भवन, आश्रय स्थल, सामुदायिक भवन, कांजीहाऊस, शॉपिंग काम्प्लेक्स, स्कूल भवन, मुक्तिधाम उन्नयन, लाईब्रेरी शेड, चबुतरा, सार्वजनिक शौचालय एवं अन्य भवनों के लिए 4.35 करोड़ रुपए, रोड व पुल निर्माण के लिए 5.40 करोड़ रुपए का प्रावधान।
नाली निर्माण के लिए 1.32 करोड़ रुपए, पालिका क्षेत्र में पाईप लाईन विस्तार व पेय जल कष्ट निवारण के लिए 90 लाख रुपए। सार्वजनिक प्रकाश, विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर के लिए 3 करोड रुपए। पार्षद निधि, अध्यक्ष निधि, डम्पर, वेन्डर जोन, सांसद निधि, विधायक निधि एसएलआरएम सेन्टर के लिए मशीनरी क्रय, टैंकर सहित अन्य कार्यो के लिए 1.07 करोड़ करोड़ रुपए। कार्यलय उपकरण फर्नीचर सहित अन्य कार्यों के लिए 2.21 करोड़ रुपए का प्रावधान। 15वें वित आयोग के मद से वृक्षारोपण पर 13.60 लाख और चौक सौंदर्गीकरण में 13 लाख रुपए। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 72 लाख रुपए का एवं सुरडुंग नाले पर बंधान व उद्यानिकी करण के लिए 30 लाख रुपए का प्रावधान रखा गया है। बजट में प्रमुख रूप से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं भाजपा पार्षद रेखराम बंछोर, पूर्व पालिका अध्यक्ष सरोजनी चन्द्राकर सहित सभी वार्र्डाे के पार्षद उपस्थित थे और सभी ने बजट को सर्वसम्मति से पारित किया।




