महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ी भीड़, भगवान भोलेनाथ का भक्तों ने किया अभिषेक-पूजन
![](https://sabkasandesh.com/wp-content/uploads/2022/03/maha-shivratri.jpg)
भिलाई। महाशिवरात्रि पर आज शहर के शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर होने से पहले ही भक्तों में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक पूजन करने होड़ मची रही। देवबलोदा के प्राचीन शिव मंदिर सहित केम्प क्षेत्र के बैकुंठ धाम में भक्तों को जलाभिषेक के लिए लंबी कतार में खड़े होकर घंटों इंतजार करना पड़ा।
भगवान भोलेनाथ की पूजा और आराधना में अहम महाशिवरात्रि पर आज शहर से लेकर गांव तक शिव भक्ति का माहौल बना रहा। सभी छोटे बड़े शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही। कई मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक और पूजन करने लंबी कतार देखने को मिली। घर घर में भी भक्तों के द्वारा विविध अनुष्ठान के साथ भोग भंडारा आयोजित किया गया।
केम्प क्षेत्र की प्रसिद्ध बैकुंठ धाम परिसर में विराजमान भगवान भोलेनाथ के दर्शनए अभिषेक और पूजन के लिए सुबह होने से पहले भक्तों की भीड़ जुट गई थी। देवबलोदा के कल्चुरी कालीन शिव मंदिर में भी पूजा अर्चना के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। लोगों को घंटों कतार में खड़े होकर अभिषेक पूजन करने का इंतजार करना पड़ा। शहर केअन्य शिव मंदिरों में भी ऐसी स्थिति बनी रही।