छत्तीसगढ़

शुष्क हवाओं के आने का दौर शुरू, बढ़ सकती है ठंड

इन दिनों ठंड बढ़ती चली जा रही है। आने वाले दिनों में तापमान के और ज्यादा गिरने के आसार दिख रहे हैं। दरअसल प्रदेश में शुष्क हवाओं के आने का दौर शुरू हो गया है, जिससे मौसम के शुष्क होने के साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। जम्मू-कश्मीर में बने पश्चिम विक्षोभ, खाड़ी में बने निवार व बुरेवी तूफान के कारण प्रदेश में ठंड कम हो गई थी। मंगलवार रात का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आएगी। हालांकि अभी राजधानी समेत प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा है।

तूफानों का प्रदेश में बहुत ज्यादा असर नहीं हुआ, लेकिन इससे दिन और रात का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक हो गया था। लेकिन पिछले चार-पांच दिन से रात के तापमान में गिरावट आ रही है। मौसम विज्ञानी ने बताया कि बुरवी तूफान के बाद फिलहाल खाड़ी में कोई सिस्टम नहीं है। इससे मौसम शुष्क रहेगा और दिन-रात का तापमान गिरेगा।

पहले ठंडी, फिर गर्मी

दशहरे के बाद ठंड की शुरूआत हो गई थी, लेकिन दीवाली के समय मौसम खराब होने के कारण फिर से गर्मी बढ़ गई थी। लोगों ने कूलर का उपयोग करना शुरू कर दिए थे, लेकिन वर्तमान में अब ठंड एक बार फिर से बढ़ने लगी है। गरम कपड़ों की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ नजर आ रही है। इस बार उम्मीद जताई जा रही है कि कड़ाके की ठंड पड़ेगी। ठंड का सबसे ज्यादा असर वनांचल क्षेत्रों में होता है।

Related Articles

Back to top button