छत्तीसगढ़

Kondagaon_ 13 दिसम्बर को होगा वर्चुअल मैराथन, दौड़ते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर करना होगा अपलोड

कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा “नवा छत्तीसगढ़” के 02 वर्ष पूर्ण होने पर 13 दिसम्बर को राज्य भर में एक साथ वर्चुअल मैराथन का आयोजन किया जाना है। इसी क्रम में कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में जिला स्तरीय वर्चुअल मैराथन का आयोजन किया जायेगा। वर्चुअल मैराथन दौड़ के प्रतिभागी किसी भी स्थान पर समूह में एकत्रित नहीं होंगे। प्रतिभागी घर, पार्क, मैदान, रोड या किसी भी अन्य सुरक्षित स्थान पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर दौड़ते हुए अपनी 20 से 30 सेकण्ड का वीडियो व फोटो हैशटेग #runwithchhattisgarh के साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर सकते हैं। फोटो एवं वीडियो को अपलोड करने का समय 13 दिसम्बर को प्रातः 6.00 बजे से 11.00 बजे तक है। वर्चुअल मैराथन हेतु 04 दिसम्बर से 10 दिसम्बर तक http://jansampark.cg.gov.in,   http://dprcg.gov.in या http://sportsyw.cg.gov.in जनसंपर्क विभाग एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वेबसाइट में उपलब्ध लिंक पर क्लिक कर प्रतिभागी अपना पंजीयन आॅनलाईन करा सकते हैं। जिले से पंजीयन करवाने वाले प्रथम 300 से 500 प्रतिभागियों को प्रोत्साहन हेतु टी-शर्ट का वितरण किया जायेगा। इसके अलावा इच्छुक प्रतिभागी जो मैराथन दौड़ में भाग लेना चाहते है वे  http://sportsyw.cg.gov.in लिंक में जाकर सामने एवं पीछे की तरफ प्रिंट किए जाने वाले डिजाइन की फोटो प्रिंटआउट कर अपने किसी भी सफेद टी-शर्ट में चिपका कर 13 दिसम्बर को दौड़ते हुए वीडियो एवं फोटो उपरोक्त हैशटेग के साथ सोशल मीडिया पर अपलोड कर सकते हैं। कलेक्टर कोण्डागांव के आदेशानुसार वर्चुअल मैराथन का आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न किये जाने हेतु खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रभारी अधिकारी सुधराम मरकाम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वर्चुअल मैराथन संबंधित अधिक जानकारी के लिये कार्यालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग एवं प्रभारी खेल अधिकारी सुधराम मरकाम के मोबाईल नंबर 9424160368 एवं 9691314327 पर कार्यालयीन समय पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button