पिता की उपलब्धियों का रवि को मिलेगा लाभ, Ravi will benefit from father’s achievements

भिलाई। छत्रपति शिवाजी थोक सब्जी मंडी सुपेला के चुनाव में अध्यक्ष पद के युवा प्रत्याशी रवि सिंह को अपने दिवंगत पिता जानसिंह की उपलब्धियों का लाभ मिलता दिख रहा है। सब्जी मंडी के अध्यक्ष पद का चुनाव 16 नवंबर को होगा। इसके लिए रवि सिंह के अलावा अरुण सिंह और विजय सिंह मैदान पर है। ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि सुपेला के आकाशगंगा थोक सब्जी मंडी का चुनाव प्रत्यक्ष मतदान के माध्यम से होगा। इससे पहले आम सहमति से चुनाव होते रहे हैं। अध्यक्ष पद के लिए रवि सिंह, अरुण सिंह व विजय सिंह ने नामांकन जमा कर ताल ठोक दिया है। चुनाव अधिकारी बाबूलाल देवांगन, हेमंत नामदेव, हेमनारायण सिंह एव वरिष्ठ अधिवक्ता केएल तिवारी बनाए गए हैं। कुल 112 सदस्य मतदान करेंगे। सिर्फ अध्यक्ष का चुनाव होगा। निर्वाचित अध्यक्ष द्वारा शेष 20 कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इस चुनाव में रवि सिंह के पक्ष में जबरदस्त माहौल देखने को मिल रहा है। रवि के पिता जान सिंह इस मंडी समिति के दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं। पावर हाउस से सब्जी मंडी को सुपेला लाने में जान सिंह का अहम योगदान रहा है। इसके अलावा जानसिंह पूरे सब्जी मंडी में एक सर्वसम्मानित शख्स की छबि रखते थे। कुछ दिन पूर्व ही जानसिंह का निधन होने से अध्यक्ष का पद का चुनाव कराया जा रहा है। लिहाजा उनके पुत्र रवि सिंह को सहानुभूति के साथ पिता के उपलब्धियों का लाभ इस चुनाव में मिलता साफ दिख रहा है। अध्यक्ष पद के अन्य प्रत्याशी अरुण सिंह और विजय सिंह ने भी अपना प्रचार शुरू कर दिया है।