युवती का बर्थ डे पार्टी मनाने गए युवकों का आधी रात उत्पात, पटाखे फोड़ने से मना किया तो चाकू से किया हमला

सबका संदेस न्यूज छत्तीसगढ़ रायपुर- लालपुर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी हिमालया हाइट्स में आधा दर्जन युवकों ने शुक्रवार-शनिवार दरम्यानी रात 1.30 बजे जमकर उत्पात मचाया। अपने फीमेल दोस्त के बर्थ-डे पर कॉलोनी में जमकर आतिशबाजी की। कॉॅलोनी वालों ने जब मना किया तो युवकों ने गाली-गलौज की और चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक कारोबारी घायल हो गया। कॉलोनी वालों ने आरोपी को पकड़ लिया और कारोबारी को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया।
राजेंद्र नगर पुलिस के मुताबिक हिमालया हाइट्स में विवेक चंद्राकर अपने परिवार के साथ रहते हैं। कॉलोनी के एक फ्लैट में 24 साल की एक युवती किराए पर रहती है। उसका शनिवार को बर्थ डे था। आधी रात को गौरव हेप्पट (25) बूढ़ापारा, कृष्णा बावनकर (21) कुशालपुर, आमीर हुसैन (23) बैजनाथपारा समेत तीन और युवक व दो युवती पहुंचे थे। वहां रात में उन्होंने युवती का केक काटा। उसके बाद आतिशबाजी शुरू कर दी। पटाखे फोड़ने लगे। पटाखे की आवाज से कॉलोनी वाले जाग गए। कुछ लोगों ने युवकों को मना भी किया, उसके बाद भी युवक पटाखे फोड़ते रहे।
तबियत का हवाला देकर पटाखे फोड़ने से मना किया
पटाखे की आवाज सुनकर कारोबारी विवेक घर से बाहर आए और युवकों से पटाखा फोड़ने से मना किया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी की तबियत ठीक नहीं है। आरोपी गौरव गाली गलौज करने लगा। उसने मारपीट शुरू कर दी। कॉलोनी वालों ने इसका विरोध भी किया। गाैरव ने जेब से चाकू निकाला और विवेक पर हमला कर दिया। उसने पेट में लगातार दो वार किया।
कॉलोनी वालों ने दौड़ाकर पकड़ा
हमला करने के बाद आरोपी इधर-उधर भागने लगे। युवक वहां से भाग निकले। कॉलोनी के लड़कों ने उनका पीछा किया। एक युवक को पकड़ लिया गया। हालांकि वह मारपीट में शामिल नहीं था। घटना की सूचना मिलने पर राजेंद्र नगर पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पकड़े गए युवक से सख्ती से पूछताछ की। उसने बाकी के आरोपियों का नाम बता दिया। पुलिस ने तीनों युवकों को घर से गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल 14 साल का नाबालिग फरार है।
विज्ञापन समाचार हेतु सपर्क करे-9425569117/9993199117