छत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

कोरोना पॉजिटिव वाले क्षेत्र में पसरा लगाकर समान बेचना कराया बंद

रिसाली निगम ने नियमों का पालन नहीं करने वालों पर बरती सख्ती

भिलाई। पिछले 3 दिनों में रिसाली क्षेत्र में 10 पॉजिटिव मरीज मिले है। इसे देखते हुए नागरिकों से एहतियात बरतने और लॉकडाउन नियमों का पालन कराने नगर पालिक निगम रिसाली के अधिकारी, कर्मचारी प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी कर रहे है। मंगलवार को निगम प्रशासन अमला स्टेशन मरोदा पहुंचा। जहां एहतियात के तौर पर पसरा लगाकर फल-सब्जी, दूध डेयरी के अलावा मांस मटन दुकानों को बंद कराया गया। वहीं लॉकडाउन नियमों का पालन नहीं करने वालों से 700 रूपए जुर्माना वसूल किया गया।

लगातार पॉजिटिव मरीज मिलने से क्षेत्र में भय व्याप्त है। कोरोना की वजह से होने वाले भ्रम और मित्या को तोडऩे अपर कलेक्टर व निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर निगम अधिकारी स्टेशन मरोदा क्षेत्र पहुंचे। और नागरिकों को समझाइश दी कि वे घरों पर रहे और एहतियात बरते। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में नियमों के तहत संचालित दुकानों को बंद भी कराया। वहीं बेवजह घूमने वालों के साथ सख्ती से पेश आते हुए उन्हें घर पर ही रहने की समझाइश दी। इसके आलावा निगम के स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावी क्षेत्रो में सेनेटाइज करने का कार्य किया है।

अबतक 8300 जुर्माना वसूला

लॉकडाउन नियमों का पालन नही करने वालों से सख्ती से पेश आया जा रहा है। मंगलवार को आधा दर्जन लोगों से मास्क नही पहनने पर 700 रूपए जुर्माना वसूला गया। उल्लेखनीय है कि रिसाली क्षेत्र में अब तब 8300 रूपए जुर्माना वसूल किया जा चुका है।

निगम का ये क्षेत्र है प्रभावित

पिछले 3 दिनों में 10 कोरोना पॉजिटिव मिलने से जोरातराई, बीएसपी, बीएसपी मार्केट क्षेत्र, स्टेशन मरोदा, रूआबांधा व मरोदा सेक्टर समेत तालपुरी इंटरनेशनल कालोनी प्रभावित है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे द्वारा कंटेंनमेंट जोन घोषित किए जाने से निगम अमला प्रभावित क्षेत्रों को बेरीकेट्स लगाकर सील किया गया है।

95 प्रतिशत लोग कर रहे हैं नियमों का पालन

जिले में 23 जुलाई से लॉक डाउन है। नागरिकों को लॉक डाउन नियमों का पालन कराने के लिए क्षेत्र को 3 अलग – अलग जोन में बाटकर निगरानी की जा रही है। सख्ती बरतने की वजह से रिसाली निगम क्षेत्र के 95 प्रतिशत लोग नियमों का पालन कर रहे है। मानिटरिंग करने वाले अधिकारियों में राजस्व निरीक्षक अनिल मेश्राम, विनोद शुक्ला, सहायक राजस्व निरीक्षक रामेश्वर निषाद, टेकराम हरिन्द्रवार, खेमू साहू, चंदन सिंह, शमीम व आर.के.नेताम शामिल है।

आयुक्त ने नागरिकों से की अपील

अपर कलेक्टर व रिसाली निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने नागरिकों से अपील की है कि अति आवश्यक काम होने पर ही घर से निकले। मास्क का नियमित प्रयोग करे। फिजिकल डिस्टेंश का पालन करे। मामूली सर्दी, खांसी होन पर नजदीक के स्वास्थ्य केन्द्र में जांच कराए। किसी तरह के मार्गदर्शन की आवश्यकता होने पर निगम कार्यालय परिसर स्थित बने कोविड कंट्रोल रूम 0788 4075715 पर संपर्क करें।

Related Articles

Back to top button