अतिरिक्त निर्माण व अतिक्रमण के खिलाफ निगम ने चलाया अभियान

BHILAI:-नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी के निर्देश पर नेहरू नगर जोन-1 की टीम ने वार्ड 4 राधिका नगर डमरु पारा में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया! डमरूपारा की सड़क और नालियों पर क्रांकीट से बनाई गई रैंप, चबूतरे आदि को 30 कर्मचारियों की टीम ने तोड़कर कब्जा खाली कराया। निगम प्रशासन की चेतावनी के अनुसार कुछ लोगों ने स्वयं से कब्जा हटाया। लोगों ने नाली में मलबा डालकर बाथरूम, टायलेट और झोपडी बना लिया था। इससे कई घरों की पानी की निकासी बंद हो गई थी। इससे मोहल्लेवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसकी लोगों ने निगम से शिकायत करते हुए कब्जा हटाने और नाली की सफाई कराने की मांग की थी। लोगों की मांग के अनुसार निगम की टीम ने अभियान चलाकर नालियों की सफाई कराया।
नाली पर बना लिया था टायलेट
लोगों ने नाली के उपर बाथरूम, टायलेट, चबूतरे और रैंप बना लिया था। बांस-बल्ली गाड़कर झोपड़ी बना लिए थे। इससे रोड संकरी हो गई थी। इसके कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही थी। इससे नाराज लोगों ने शिकायत निगम से की थी। शिकायत पर आयुक्त ने नेहरू नगर जोन कमिश्नर सुनील अग्रहरि को अभियान चलाकर यातायात और निकासी व्यवस्था को बाधित करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। आयुक्त के निर्देशानुसार स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेन्द्र मिश्रा, राजस्व निरीक्षक कमलेश द्विवेदी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना के नेतृत्व में 30 कर्मचारियों की टीम ने तोडफ़ोड़ कर कब्जा खाली कराया। जनसंपर्क अधिकारी पीसी सार्वा ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।