Uncategorized

कलेक्टर ने यातायात नियमों का पालन करने वाले दुपहिया वाहनचालकों को किया सम्मानित

संवाददाता :प्रयास कैवर्त
कलेक्टर ने यातायात नियमों का पालन करने वाले दुपहिया वाहनचालकों को किया सम्मानित

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही/कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने आज गौरेला में कलेक्टर कार्यालय परिसर के सामने स्थित मेनरोड पर सड़क पर हेलमेट पहनकर वाहन चलाते मिले दुपहिया वाहन चालकों और यातायात के नियमों का पालन करने वाले नागरिकों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।उन्होंने कहा कि हेलमेट सभी को पहनना चाहिए। इससे दुर्घटना से बचाव होता है।

कलेक्टर द्वारा सम्मानित किए जाने पर दुपहिया वाहन चालक श्री भवन सिंह निवासी खुरपा शिक्षक प्राथमिक शाला ठाड़पथरा एवं निजी कम्पनी में फाइनेंस अधिकारी श्री लक्ष्मी नारायण संत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा यातायात के नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को सम्मानित किये जाने से आम लोगों में हेलमेट पहनकर वाहन चलाने के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने कहा कि यातायात के नियम हमारी सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। यातायात के नियमों का उल्लंघन होने के कारण लगातार दुर्घटनाएं होती हैं। इनकी अनदेखी न करें। दुर्घटनाओं से बचने के लिए यातायात के नियमों का पालन जरूर करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें। यातायात संकेतकों का ध्यान रखें।

कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने जिले के निवासियों को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही अन्य लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करने की समझाइश दी है।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने साप्ताहिक समीक्षा बैठकों में भी सभी विभाग प्रमुखों को अपने अधीनस्थ हेलमेट पहनकर दुपहिया वाहन चलाने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जिले के अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कर दूसरों के लिए उत्कृष्ट उदाहरण बने व यातायात नियमों का पालन करने वाले किशोर एवं युवाओं को सम्मानित कर उत्साहवर्धन करें।

इस अवसर पर अनुविभागीय दण्डाधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button