रसाली निगम क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण 6 जुलाई को अपर कलेक्टर व रिसाली निगम आयुक्त ने ली निगम अधिकारियों व प्राचार्यों की बैठक

RISALI:- दुर्ग कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे के निर्देश पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नगर पालिक निगम रिसाली क्षेत्र में आगामी 6 जुलाई को वृहद स्तर पर सघन वृक्षारोपण अभियान की शुरूआत की जायेगी। वृक्षारोपण अभियान हेतु निगम आयुक्त द्वारा मातहत अधिकारियों की बैठक लेकर पौधारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए योजना को अंतिम रूप दिया गया तथा वृक्षारोपण के लिए आज ही जिले के पुलगांव नर्सरी से बड़ी संख्या में विभिन्न प्रजातियों के पौधों की व्यवस्था की गई।
वृक्षारोपण अभियान को गति प्रदान करने आज शिक्षा विभाग के सहायक संचालक श्री जायसवाल की उपस्थिति में रिसाली निगम आयुक्त ने अपने कक्ष में निगम क्षेत्रों के अशासकीय स्कूलों के प्राचार्योँ की बैठक लेकर वृहद स्तर पर पौधारोपण करने के संबंध में गहन चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे अपने स्कूलों में निर्धारित डिस्टेंस के अनुसार रिक्त भूमि पर वे पौधा रोपित करें और स्कूलों में अध्ययनरत छात्रों के पालकों से भी संपर्क कर वृक्षारोपण करने हेतु उनको भी प्रेरित करें। इस हेतु अपर कलेक्टर एवं निगम आयुक्त ने निगम के अधिकारियों और स्कूलों के प्राचार्यों को कहा कि पर्यावरण संरक्षण अभियान में आम नागरिकों से लेकर समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करें। इसके लिए प्रचार प्रसार किये जाने हेतु निगम के अपने मातहत अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश दिये।
वृक्षारोपण के साथ ही सुरक्षा भी हमारी महती जिम्मेदारी
निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने आगे कहा कि हमें केवल वृक्षारोपण ही नही करना है बल्कि वृक्षारोपण करने के बाद हम सभी को संकल्प लेना है कि उसकी पूर्ण रूप से सुरक्षा करंे ये हमारी महती जिम्मेदारी है। इसके लिए वृक्षारोण के साथ साथ उनके देखरेख व उचित सुरक्षात्मक उपाय किये जाने के निर्देश निगम के अधिकारियों के साथ साथ स्कूलों के प्राचार्योँ को दिये। श्री सर्वे ने आगे कहा कि वृक्षारोपण पश्चात उसको ट्री गार्ड और फेसिंग कार्योँ से सुरक्षा के उपाय किये जाये। बैठक मे निगम के नोडल अधिकारी रमाकांत साहू के अलावा रिसाली निगम क्षेत्रों के 25 से अधिक निजी स्कूलों के प्राचार्य उपस्थित थे।