छत्तीसगढ़

डॉ.पाटील बने भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ के महासचिव

सबका संदेस न्यूज छत्तीसगढ़ रायपुर- छत्तीसगढ़ और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय को एक बार फिर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसके पाटील को भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ का महासचिव चुना गया है। विगत दिनों भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ की बैठक में डॉ. पाटील को वर्ष 2019 के लिए गठित संघ की कार्यसमिति में महासचिव मनोनीत किया गया। डॉ. पाटील इसके पूर्व संघ के कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं। भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ में देश के 67 कृषि विश्वविद्यालय सदस्य हैं। जिनमें 58 प्रादेशिक कृषि विश्वविद्यालय, पांच राष्ट्रीय संस्थान और चार केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय शामिल हैं। यह संस्था देश के कृषि विश्वविद्यालयों में अनुसंधान, शिक्षा तथा विस्तार के क्षेत्र में विभिन्ना गतिविधियों को बढ़ावा देने का कार्य करती है।

50 वर्षों से अधिक पुरानी संस्था

उल्लेखनीय है कि भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ 50 वर्षों से अधिक पुरानी संस्था है, जिसका गठन वर्ष 1967 में हुआ था। भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ विभिन्ना कृषि विश्वविद्यालयों के बीच आपसी विचार-विमर्श के केन्द्र के रूप में कार्य करता है। यह सूचनाओं के आदान-प्रदान एवं संचार के सम्पर्क सूत्र के रूप में तथा केन्द्र एवं राज्य सरकारों के बीच समन्वय का कार्य भी करता है। संघ की कार्यसमिति में नामित होना किसी भी विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है। वर्ष 2019 के लिए गठित कार्यसमिति में डॉ. एके पाठक, कुलपति जूनागढ़ कृषि विश्वविद्यालय को अध्यक्ष, डॉ. बीएस. ढिल्लन, कुलपति पंजाब कृषि विश्वविद्यालय लुधियाना को उपाध्यक्ष और प्रो. आरके सिंह, भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, इज्जातनगर को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।

 

 

 

विज्ञापन समाचार हेतु सपर्क करे-9425569117/9993199117

Related Articles

Back to top button