एसएसपी के पास शिकायत करके लौट रही छात्रा पर तेजाब से हमला, Returning student complaining to SSP, acid attack

उत्तरप्रदेश / बदायूं में एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया है । कई दिनों से एक युवक कालेज आते-जाते युवती को परेशान कर रहा था । छेड़छाड़ से तंग आकर युवती एसएसपी से शिकायत करने पहुंची तो लौटते समय उस पर तेजाब से हमलाकर दिया । बुधवार की शाम हुए इस हमले में छात्रा गंभीर रूप से झुलस गयी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है । वहीं देर रात तक पुलिस घटनास्थल से लेकर गांव तक मामले की छानबीन करती रही । मुजरिया इलाके के एक गांव की रहने वाली छात्रा बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है । छात्रा के अनुसार गांव में रहने वाला एक युवक कई दिन से उसे कालेज आते व जाते वक्त परेशान करता था । इससे त्रस्त होकर उसने पहले थाने में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने अनसुना कर दिया । इस पर बुधवार को वह एसएसपी दफ्तर पहुंची और शिकायत दर्ज कराकर बस से घर लौट रही थी । टेंपो से उतरने के बाद वह पैदल गांव की ओर जा रही थी । इसी दौरान रास्ते में भटपुरा गांव के पास आरोपी बाइक पर सवार होकर आया और उस पर तेजाब डालकर भाग निकला। छात्रा चीखी तो वहां से गुजर रहे भटपुरा के प्रधान ने पुलिस को मामले की जानकारी दी । पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और छात्रा को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा । एसएसपी संकल्प शर्मा ने कहा कि जानकारी मिली है, थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज कर आरेापी को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है । पुलिस अधिकारी को छात्रा से जानकारी लेने व बयान दर्ज करने को भेजा है । आरोपी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा ।

