बजट में अधूरी योजनाओं को मिले प्राथमिकता- मध्यानी

दुर्ग। नगर निगम के पूर्व नेता पक्ष व समाजसेवी प्रताप मध्यानी ने कहा है कि निगम महापौर व भाजपाई परिषद बजट में लुभावनी घोषणाओं को शामिल करके शहर के लोगों को सब्जबाग दिखाने का काम कर रहे हैं, लेकिन जनता को लाभ पहुंचाने के लिए कोई भी काम नहीं हो रहे हैं। बजट के समय सुझाव मांगना और अधूरी पड़ी योजनाओं को पूरा नहीं करना अन्याय है। श्री मध्यानी ने निगम महापौर व आयुक्त को पत्र लिखकर बजट में उन अधूरी योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने की मांग की है जिनकी शुरुआत की गई है लेकिन उसका लाभ शहर के लोगों को नहीं मिल पा रहा है। श्री मध्यानी ने शंकर नगर पुष्प वाटिका गोकुल नगर चौपाटी ट्रांसपोर्ट नगर सरकारी स्कूल रविशंकर स्टेडियम तालाबों की दुर्दशा पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा है कि शंकर नाला के निर्माण का काम 12 साल में भी पूरा नहीं हो पाया है, जबकि बारिश के मौसम में बाढ़ का खतरा अभी भी बना रहता है। 5 लोगों की मौत के बाद भी निर्माण अधूरा है। पुष्प वाटिका गोकुलनगर कबाड़ होकर जर्जर अवस्था में है । चौपाटी की हालत बदतर है ट्रांसपोर्ट नगर अधूरा पड़ा है। निगम अपनी शालाओं की दशा सुधारने की दिशा में ध्यान नहीं दे रहा है। तालाबों की हालत दयनीय है। रविशंकर स्टेडियम में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। शनिचरी बाजार में नगर निगम की 4 एकड़ की जगह अनुपयोगी पड़ी है। इस जगह का उपयोग आय बढ़ाने के लिए नहीं किया जा रहा है। श्री मध्यानी ने अधूरी योजनाओं को पूरा करने की मांग की है और कहां है जनता को सुविधा का लाभ दिलाने के प्रति कृत संकल्पित है जनता के हितों के लिए काम करना उनके जीवन का अंग बन गया है।




