कोरोना से जंग में सलमान खान ने खोला अपना खजाना, एक झटके में दिए इतने करोड़ रुपए – Salman gave six crores to the daily workers of Bollywood

2020-04-08 14:04:35
बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान ने कोरोना संक्रमण रोकने के लिए लागू लॉकडाउन की वजह से आर्थिक परेशानियां झेल रहे इंडस्ट्री के दिहाड़ी मजदूरों को बतौर मदद छह करोड़ रुपये दिये हैं। कोरोना वायरस लॉकडाउन की वजह से फिल्मों की शूटिंग बंद है, जिससे दिहाड़ी मजदूर काम पर नहीं जा रहे हैं। कई स्टार ने उनकी मदद की है ताकि इस आर्थिक संकट में उन्हें मदद मिल सके।
सलमान ने भी दिहाड़ी मजदूरों की मदद की है। सलमान खान ने इस मदद में पहली किस्त दे दी है। सलमान खान ने पहली मदद के रूप में करीब 20 हजार वर्कर्स के खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए हैं। बताया जा रहा है कि सलमान ने हर वर्कर के खाते में 3000 रुपये दिए हैं। इस तरह सलमान ने छह करोड़ रुपये डेली वैजेज वर्कर्स को दिये हैं। सलमान खान अगले महीने में भी डेली वैजेज वर्कर्स के अकाउंट में भी पैसे जमा करेंगे।
उधर, बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर ने 60 हजार दिहाड़ी मजदूर की मदद करने का एलान किया है। देश में कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में हर कोई अपने स्तर से साथ दे रहा है। लॉकडाउन की वजह से सबसे बुरी मार दिहाड़ी मजदूरों पर पड़ी है, जिनकी आमदनी पूरी तरह बंद हो गयी है। इनकी मदद के लिए अर्जुन कपूर भी अब आगे आ गये हैं। अर्जुन 60 हजार दिहाड़ी मजदूर की मदद करने जा रहे हैं।