छत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

कोरोना से जनजीवन के साथ ही विकास कार्य भी प्रभावित

लॉकडाउन ने लगाया फोरलेन के फ्लाई ओव्हर निर्माण पर ब्रेक
अंतिम चरण में आकर पावर हाउस अंडरब्रिज का काम भी रूका
भिलाई । कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने लगी लॉकडाउन से जनजीवन तो अस्त व्यस्त हो गया है। साथ ही शहर के बहुप्रतीक्षित विकास कार्य भी प्रभावित हुए हैं। फोरलेन सड़क पर चार जगहों में चल रहे फ्लाई ओव्हर के काम पर लॉकडाउन ने ब्रेक लगा दिया है। वहीं अंतिम चरण में आकर भिलाई पावर हाउस चौक के पास बन रहे रेलवे अंडरब्रिज का काम भी अटक गया है।
भिलाई-दुर्ग के लोगों को कुछ बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। कोरोना वायरस के चलते 21 दिन के लिए घोषित लॉकडाउन ने न केवल सामान्य जनजीवन को अस्त व्यस्त कर डाला है, बल्कि विकास कार्यों की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा दिया है। भिलाई-दुर्ग ही नहीं बल्कि प्रदेशवासियों के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही फोरलेन सड़क के निर्माणाधीन फ्लाई ओव्हर का काम भी लॉकडाउन के चलते थम गया है। 22 मार्च को जनता कफ्र्यू के अगले दिन से ही 14 अप्रैल तक लॉकडाउन घोषित किया गया है। इसी के साथ फ्लाई ओव्हर निर्माण का कार्य रुका हुआ है। लॉकडाउन खत्म होने के बाद हालात सामान्य होने पर ही दुबारा काम शरू हो सकेगा। इसमें लगभग पूरा अप्रैल माह बीत जाने की संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है। ऐसे में फ्लाई ओव्हर निर्माण को पूरा करने जो समयावधि का लक्ष्य रखा गया है, उसमें पीछे हो जाना तय है। गौरतलब रहे कि फोरलेन सडक पर यातायात के दबाव को कम करने कुम्हारी से सुपेला के बीच चार फ्लाई ओव्हर का निर्माण कार्य जनवरी 2019 में शुरु हुआ है। कुम्हारी के स्टेशन चौक को जोड़ते हुए बालाजी हास्पिटल से कृष्णा हास्पिटल के बीच बन रहे फ्लाई ओव्हर में गर्डर लांचिंग का काय चल रहा था। इसी दौरान लॉकडाउन घोषित होने से यह कार्य रोक दिया गया। इसके अलावा डबरापारा के ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा, पावर हाउस चौक तथा चंद्रा-मौर्या से सुपेला चौक के बीच बन रहे फ्लाई ओव्हर का काम भी अटक गया है।
इसी तरह पावर हाउस चौक के पास मुख्य रेल लाइन पर अंडरब्रिज निर्माण का कार्य भी कोरोना के चलते लगी लॉकडाउन में अटक गई है। पटरी पार आने जाने के लिए यहां पर नंदिनी रोड से जुड़ी ओव्हरब्रिज जरुर बनी हुई है। बावजूद इसके रायपुर व दुर्ग की दिशा में आने जाने वालों के लिए अंडरब्रिज जरुरी मानी जा रही है। यहां पर अंडरब्रिज निर्माण शुरू होने के साथ ही पहले से स्थित क्रॉसिंग को बंद कर दिया गया है। इससे आम लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। लॉकडाउन नहीं होती तो यह अंडरब्रिज आवाजाही के लिए शुरू हो जाती। लेकिन लॉकडाउन के चलते अंतिम चरण का काम अटक गया है।

Related Articles

Back to top button