मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर, 11 दिसंबर तक करें आवेदन, प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित; 4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन, युवा अग्रिम आवेदन भी कर सकेंगे, कलेक्टर ने ली राजनीतिक दलों की बैठक

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर, 11 दिसंबर तक करें आवेदन, प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित; 4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन, युवा अग्रिम आवेदन भी कर सकेंगे, कलेक्टर ने ली राजनीतिक दलों की बैठक
बिलासपुर, 12 नवंबर 2026/ जिले में फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आज प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। नागरिक 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटाने तथा आवश्यक संशोधन के लिए दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में आज आयोजित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई। बताया गया कि जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13 लाख 59 हजार 109 मतदाता हैं। इनमें 6 लाख 90 हजार 68 पुरुष, 6 लाख 68 हजार 989 महिला तथा 52 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की फोटो सहित मुद्रित प्रति एवं फोटो रहित सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई। मतदान केंद्रवार सूची ऑनलाइन प्राप्त करने की सुविधा की जानकारी भी दी गई।
2027 में 18 वर्ष पूरे करने वाले युवा भी कर सकेंगे अग्रिम आवेदन
पुनरीक्षण कार्यक्रम 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित किया जा रहा है। इस तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवा अपना नाम जुड़वाने आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन जमा कर सकेंगे।
मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, प्रवासी भारतीय मतदाताओं के लिए फॉर्म-6ए, नाम हटाने अथवा आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 तथा संशोधन, स्थानांतरण एवं दिव्यांगता चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। नागरिक “मतदाता सेवा पोर्टल” (https://voters.eci.gov.in) अथवा ECINET मोबाइल एप से घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन संबंधित बीएलओ अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।
विशेष शिविर और सहायता केंद्रों से मिलेगी सुविधा
वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं तथा वंचित एवं कमजोर वर्गों के पंजीयन के लिए विशेष शिविर और जिला एवं विधानसभा क्षेत्र स्तर पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। ECINET एप में ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा से संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से बातचीत के लिए अनुरोध भी भेजा जा सकता है। पंजीयन के बाद मतदाता पोर्टल अथवा एप से अपना ई-एपिक डाउनलोड कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और आवश्यकतानुसार आवेदन करने की अपील की है। मतदाता पंजीयन संबंधी सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिवकुमार बनर्जी, निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री अंकित तिवारी, सहायक निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री ब्रजेश पांडेय एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।




