बेलतरा में भूमिपूजन से आगे कब बढ़ेगा विकास – अंकित गौरहा

बेलतरा में भूमिपूजन से आगे कब बढ़ेगा विकास – अंकित गौरहा
छत्तीसगढ़ बिलासपुर भूपेंद्र साहू की रिपोर्ट l बिलासपुर जिला के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति के दावों के बीच शहरी क्षेत्र की प्रमुख सड़कों की बदहाल स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। मंगला चौक से दीनदयाल कॉलोनी,अशोक नगर से बिरकोना,चांटीडीह चौक से डीएलएस कॉलेज,सेंदरी से मोपका बाईपास,राजकिशोर नगर चौक से छठ घाट और साइंस कॉलेज से सब्जी मंडी तक के मार्गों की स्थिति को लेकर स्थानीय नागरिकों की परेशानी सामने आ रही है।
रोज दुर्घटनाएं हो रही हैं : जर्जर सड़कों,गड्ढों और धूल के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इन परिस्थितियों के कारण रोज दुर्घटनाए हो रही है। ऐसे में विकास कार्यों की स्वीकृति,भूमि पूजन और निरीक्षण के साथ-साथ उनके धरातल पर क्रियान्वयन और गुणवत्ता पर भी ध्यान देने की जरूरत है।
दावे बड़े पर सड़कों पर अपेक्षित सुधार नहीं :- इस मामले में कांग्रेस नेता और पूर्व जिला पंचायत सभापति अंकित गौरहा ने कहा कि जब विकास कार्यों की स्वीकृति के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, तो शहर की प्रमुख सड़कों की हालत में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं दिखाई दे रहा है? उन्होंने संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सड़कवार कार्यों की स्थिति,निर्माण की समयसीमा और स्थायी समाधान को लेकर स्पष्ट जानकारी देने की मांग की।
विकास की असली पहचान भूमिपूजन और स्वीकृति नहीं..:- उन्होंने कहा कि जनता को केवल घोषणाएं नहीं,बल्कि सुरक्षित और सुगम सड़कें चाहिए। अब संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है कि वे समस्याओं का निराकरण कर समयबद्ध तरीके से ठोस परिणाम सामने रखें। विकास की असली पहचान स्वीकृति और भूमि पूजन नहीं,बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले काम और जनता को मिलने वाली राहत है।




