साइबर जागृति अभियान के तहत 10 किलोमीटर का साइकिल रैली निकाला गया।

साइबर जागृति अभियान के तहत 10 किलोमीटर का साइकिल रैली निकाला गया।
11 पहाड़ों पर चढ़ाई और 7 चोटियों पर तिरंगा फहराने वाली पर्वतारोही समीरा खान ने विद्यार्थियों को दिया सपनों को साकार करने का संदेश
साइबर सुरक्षा की पाठशाला में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन द्वारा स्कूली बच्चों को दिया गया डिजिटल सुरक्षा का मंत्र।
स्मार्टफोन प्राइवेसी और सेफ ब्राउजिंग की जानकारी देकर कबीरधाम पुलिस ने विद्यार्थियों को किया जागरूक
कबीरधाम पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में जिलेभर में साइबर जागृति अभियान संचालित कर आमजन, विद्यार्थियों एवं युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 09.09.2026 को कबीरधाम जिले के थाना सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत गुरुकुल पब्लिक स्कूल, अशोका पब्लिक स्कूल, श्रीरामकृष्ण पब्लिक स्कूल एवं दुर्गावती चौक स्थित स्वामी श्री आत्मानंद स्कूल में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन, स्वतंत्र पर्वतारोही एवं लंबी दूरी की साइकिल चालक सुश्री समीरा खान, साइबर पुलिस टीम से सहायक उपनिरीक्षक श्री संजीव तिवारी एवं टीम उपस्थित रहे।
साइबर जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन ने स्कूली छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सेफ ब्राउजिंग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में स्मार्टफोन का सुरक्षित उपयोग अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने, अनजान लिंक एवं संदिग्ध वेबसाइटों पर क्लिक नहीं करने, अज्ञात एप्लीकेशन डाउनलोड करने से बचने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ पासवर्ड, ओटीपी, बैंकिंग संबंधी जानकारी एवं अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने के संबंध में जागरूक किया गया।
साइबर पुलिस टीम से सहायक उपनिरीक्षक श्री संजीव तिवारी एवं टीम द्वारा विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, फिशिंग, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराध, संदिग्ध एप्लीकेशन एवं अन्य साइबर खतरों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर घटना होने पर तत्काल सतर्कता बरतते हुए आवश्यक सहायता के लिए पुलिस एवं साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने की समझाइश दी गई।
इस अवसर पर स्वतंत्र पर्वतारोही एवं लंबी दूरी की साइकिल चालक सुश्री समीरा खान ने भी विद्यार्थियों को अपने संघर्षों और उपलब्धियों से प्रेरित करते हुए जीवन में बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्प एवं निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर की रहने वाली समीरा खान बिना किसी औपचारिक पर्वतारोहण प्रशिक्षण के स्वयं को तैयार कर अब तक 11 पहाड़ों की चढ़ाई कर चुकी हैं तथा 7 चोटियों पर तिरंगा फहरा चुकी हैं। उनकी उपलब्धियों में नेपाल की लगभग 6,859 मीटर ऊंची अमा दबलम चोटी भी शामिल है। इसके अलावा वे साइकिल से दुनिया के 37 देशों की यात्रा कर चुकी हैं।
‘मिशन माउंट एवरेस्ट’ के लक्ष्य के साथ भारत में सोलो साइकिल यात्रा कर रहीं समीरा खान ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लड़कियों के सशक्तिकरण, दहेज प्रथा, उत्पीड़न, असमानता एवं सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध जागरूकता फैला रही हैं तथा युवतियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित कर रही हैं साथ ही कबीरधाम पुलिस के साइबर जागृति अभियान के तहत स्कूली छात्र छात्राओं को साइबर अपराध से बचने के उपाय भी बताया गया।
पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन एवं पर्वतारोही समीरा खान व साइबर पुलिस टीम के द्वारा साइकिल रैली के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश देकर आम नागरिकों को साइबर जागृति अभियान से जुड़ने हेतु अपील किया गया।
उक्त जागरूकता अभियान के दौरान गुरुकुल स्कूल में प्रिंसिपल श्री मनोज कुमार राय, अशोका पब्लिक स्कूल में प्रिंसिपल श्री एस.एल. नापित, श्रीरामकृष्ण पब्लिक स्कूल में प्रिंसिपल श्रीमती एम. शारदा नायडू, स्वामी आत्मानन्द स्कूल कवर्धा में प्रिंसिपल श्री अशोक गुप्ता एवं अधिक संख्या में स्कूली छात्र छात्राएं एवं शिक्षक गण उपस्थित रहे।
कबीरधाम पुलिस का साइबर जागृति अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, जिसके माध्यम से जिले के विभिन्न स्कूलों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया जाएगा।


