फूलगोभी पकौड़ाः इस बारिश घर पर करें ट्राई, चूड़ा के साथ नाश्ता का है अच्छा विकल्प, चटनी से बढ़ेगा स्वाद

मुजफ्फरपुरः बारिश का मौसम आते ही लोगों का मन गरमा-गरम और चटपटा नाश्ता खाने का करने लगता है. ऐसे में मुजफ्फरपुर समाहरणालय परिसर में संजय के हाथों से तैयार होने वाला फूलगोभी का पकौड़ा इन दिनों लोगों की पहली पसंद बना हुआ है. शाम होते ही उनकी दुकान पर पकौड़े का स्वाद लेने वालों की भीड़ जुटने लगती है. खास बात यह है कि पकौड़े के साथ परोसी जाने वाली सिलबट्टे पर पिसी आंवला, धनिया और हरी मिर्च की चटनी स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है.
संजय बताते हैं कि स्वादिष्ट पकौड़े की सबसे बड़ी पहचान उसका कुरकुरापन है. इसके लिए बेसन में अधिक पानी नहीं डालना चाहिए. अधिकांश लोग घर पर घोल ज्यादा पतला बना देते हैं, जिससे पकौड़े नरम हो जाते हैं. बेहतर स्वाद के लिए बेसन में नमक डालकर उसे हल्का गूंथने जैसी स्थिति में तैयार करना चाहिए, ताकि मसाले और गोभी अच्छी तरह मिल जाएं.
ऐसे बनाएं स्वादिष्ट पत्तागोभी का पकौड़ा
सबसे पहले एक मध्यम आकार की फूलगोभी को बारीक काटकर अच्छी तरह धो लें. इसके बाद इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, धनिया पत्ता और थोड़ा सा कद्दूकस किया हुआ अदरक मिलाएं. अब हाथ से हल्का मसलकर मंगरैल (कलौंजी) और अजवाइन डालें. स्वादानुसार नमक, थोड़ा हल्दी और लाल मिर्च पाउडर मिलाएं. इसके बाद आवश्यकतानुसार बेसन डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिला लें. यदि जरूरत महसूस हो तो बहुत कम मात्रा में पानी डालें. तैयार मिश्रण को गर्म तेल में छोटे-छोटे हिस्सों में डालकर मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें.पकौड़े के साथ सिलबट्टे पर पीसी हुई हरी मिर्च, धनिया और आंवला की चटनी परोसें. यदि आंवला उपलब्ध न हो तो धनिया, हरी मिर्च, लहसुन और नींबू से भी चटनी तैयार की जा सकती हैचूड़ा के साथ लें इसका स्वाद
संजय के अनुसार फूलगोभी का पकौड़ा चूड़ा (चिउड़ा) और हरी मिर्च के साथ खाने पर इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. बारिश की शाम में यह एक बेहतरीन नाश्ता है. खास बात यह है कि यदि घर में अचानक मेहमान आ जाएं तो कम समय में आसानी से यह स्वादिष्ट पकवान तैयार किया जा सकता है. कुरकुरा पकौड़ा, चटपटी चटनी और चूड़ा का यह देसी कॉम्बिनेशन बारिश के मौसम का मजा दोगुना कर देता है.




