ग्रीष्मावकाश के बाद स्कूलों में लौटी रौनक, एस्पायर संस्थान ने मनाया स्कूल री-ओपनिंग डे

ग्रीष्मावकाश के बाद स्कूलों में लौटी रौनक, एस्पायर संस्थान ने मनाया स्कूल री-ओपनिंग डे
जगन्नाथपुर| ग्रीष्मावकाश के बाद सरकारी विद्यालय खुलने पर जगन्नाथपुर प्रखंड के कई स्कूलों में सामाजिक संस्था एस्पायर ने स्कूल री-ओपनिंग डे कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को दोबारा स्कूल से जोड़ना, नियमित उपस्थिति बढ़ाना और पढ़ाई के लिए सकारात्मक माहौल बनाना बताया गया। पहले दिन विद्यालयों में स्वागत गतिविधियां कराई गईं। विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक, पोषक क्षेत्र के हितधारक और एस्पायर के कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे। विद्यार्थियों, शिक्षकों, सेविकाओं और रसोइयों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। पुष्प भेंट किए गए और तिलक लगाया गया।कुछ स्थानों पर पैर धुलाई की परंपरा भी निभाई गई। यह आयोजन मध्य विद्यालय सरबिल, प्राथमिक विद्यालय हेस्सापी, बालिका मध्य विद्यालय जगन्नाथपुर, प्राथमिक विद्यालय मुंडासाई, मध्य विद्यालय मुंडुई, राजकीय माध्यमिक विद्यालय गुमरिया, मध्य विद्यालय डांगुवापोसी, प्राथमिक विद्यालय खमनियां, उत्क्रमित मध्य विद्यालय भनगांव, उत्क्रमित मध्य विद्यालय सियालजोड़ा, प्राथमिक विद्यालय पाताहातु, उत्क्रमित उच्च विद्यालय कुदाहातु, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय सेताकिया और प्राथमिक विद्यालय रामचंद्रपुर सहित अन्य स्कूलों में हुआ। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए प्रेरणादायक गतिविधियां कराई गईं। उन्हें नियमित स्कूल आने, अनुशासन रखने और पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए कहा गया। अभिभावकों से बच्चों को रोज स्कूल भेजने की अपील की गई।



