जगदलपुर में जैन समाज को किए जमीन आवंटन को निरस्त करने की मांग, सर्व समाज ने कहा- दशहरा में रुकने के लिए बने भवन

जगदलपुर: शहर के बीचोबीच स्थित प्रतापगंज पारा की जमीन को लेकर विवाद एक बार फिर गरमा गया है. बस्तर के मूल निवासी और सर्व समाज के लोगों ने बैठक कर शासन द्वारा जैन दिगंबर समाज को किए गए जमीन आवंटन का विरोध जताया है. साथ ही मूलनिवासियों के देवी देवताओं के लिए एक वृहद सामुदायिक भवन बनाने की मांग भी की है.
बस्तर दशहरा को लेकर मांग
सर्व आदिवासी समाज के संभागीय अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर का कहना है कि करीब 15 हजार स्क्वायर फीट जमीन में से 7500 स्क्वायर फीट का आवंटन शासन द्वारा दिगम्बर जैन समाज को किया गया है. समाज यह चाहता है कि इस जमीन पर सर्व समाज के लिए सामुदायिक भवन बनाया जाना चाहिए. ताकि बस्तर दशहरा में दूर-दराज़ से आने वाले देवी-देवताओं और श्रद्धालुओं के ठहरने की उचित व्यवस्था हो सके. उनका आरोप है कि आज तक देवी-देवताओं को रखने और ग्रामीणों के रुकने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं बनाई गई है.
आवंटन को तत्काल निरस्त करने के लिए बुधवार की शाम समाज की बैठक हुई. इसमें यह निर्णय लिया गया कि जल्द ही कलेक्टर को आवेदन सौंपा जाएगा. समाज ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो जनप्रतिनिधियों के बंगलों के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.
भूमकाल दिवस पर सर्व समाज की ओर से मांग रखने के बावजूद एक समुदाय के नाम रजिस्ट्री करना बस्तर के मूल निवासियों के साथ अन्याय है.- तरुण सिंह धाकड़, संभागीय अध्यक्ष, सर्व पिछड़ा वर्ग समाज
सम्मान का मुद्दा
सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के संभागीय अध्यक्ष तरुण सिंह धाकड़ ने इसे मूल निवासियों के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया. समाज ने साफ कहा कि यदि आवंटन निरस्त नहीं हुआ तो पूरे बस्तर संभाग से लोग जुटाकर उग्र आंदोलन किया जाएगा. हर समाज से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की बात भी कही गई है.




