छत्तीसगढ़

विश्व उच्च रक्तचाप माह – युवाओं और छात्रों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विश्व उच्च रक्तचाप माह – युवाओं और छात्रों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मात्स्यिकी महाविद्यालय कवर्धा में आयोजित हुई कार्यशाला

कवर्धा, 27 मई 2026/वर्ल्ड हाइपरटेंशन माह के अंतर्गत लोगों को उच्च रक्तचाप हाइपरटेंशन के प्रति जागरूक करने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 25 मई 2026 को मात्स्यिकी महाविद्यालय कवर्धा में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उच्च रक्तचाप के कारण, लक्षण, बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।

     कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग, स्लोगन लेखन, क्विज, रील्स एवं शॉर्ट फिल्म मेकिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच एवं संतुलित जीवनशैली अपनाकर उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर समस्या से बचा जा सकता है।

   डॉ-हर्षित तुवानी द्वारा बताया गया कि उच्च रक्तचाप को साइलेंट किलर कहा जाता है। क्योंकि इसके प्रारंभिक लक्षण सामान्यतः स्पष्ट दिखाई नहीं देते। फिर भी सिरदर्द, चक्कर आना, थकान, घबराहट, सीने में दर्द सांस लेने में कठिनाई तथा धुंधला दिखाई देना इसके प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। समय पर जांच एवं उपचार न होने पर यह हृदय रोग, स्ट्रोक तथा किडनी संबंधी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकता है।

     यह अभियान 16 जून 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में विभिन्न शासकीय कार्यालयों, संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही विकासखंडों के अंतर्गत सुदूर वनांचल क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत आमजन को भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं अन्य गैर संचारी रोगों के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, योग एवं व्यायाम को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य समय पर जांच, शीघ्र पहचान एवं उचित उपचार के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रोत्साहित करना है।

   यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री देवेंद्र कुमार तूरे के निर्देशन में आयोजित किया गया। जिसमें मात्स्यिकी महाविद्यालय की टीम की भी सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान सुश्री आकांक्षा लिखार जिला सलाहकार, गैर संचारी रोग द्वारा क्विज प्रतियोगिता कराया गया जिसमें विद्यार्थियों को उच्च रक्तचाप से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई। नियमित व्यायाम करने, संतुलित एवं कम नमक वाले आहार का सेवन करने, धूम्रपान एवं मद्यपान से दूर रहने, तनाव कम करने तथा नियमित रक्तचाप जांच कराने की सलाह दी। साथ ही सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

हाइपरटेंशन से बचाव के उपाय
भोजन में नमक का कम उपयोग करें।तैलीय एवं जंक फूड से परहेज करें।प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट व्यायाम या तेज चलना अपनाएं। धूम्रपान एवं शराब सेवन से बचें। तनाव कम करें और पर्याप्त नींद लें। नियमित रूप से रक्तचाप एवं शुगर की जांच कराएं। हरी सब्जियां, फल एवं संतुलित आहार का सेवन करें।

हाइपरटेंशन के प्रमुख लक्षण
सिर दर्द, चक्कर आना, थकान महसूस होना, सांस फूलना, धुंधला दिखाई देना
हालांकि कई बार कोई लक्षण दिखाई नहीं देते, इसलिए नियमित जांच आवश्यक है।

स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं, संतुलित आहार लें, शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तथा तनावमुक्त जीवनशैली अपनाएं। स्वस्थ जीवनशैली न केवल हाइपरटेंशन बल्कि मधुमेह, हृदय रोग एवं अन्य गैर संचारी रोगों से बचाव में भी सहायक है।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button