फास्ट फूड खाकर बढ़ गया कबूतर का वजन, अब उड़ने में हो रही परेशानी

- फास्ट फूड का ऐसा शौक कि उड़ना ही भूल गया कबूतर
जहां आमतौर पर कबूतरों को आसमान में उड़ते देखा जाता है, वहीं चीन में एक ऐसा कबूतर है जो उड़ने से ज्यादा सड़क किनारे खाने-पीने की दुकानों के आसपास घूमता है और खाता-पीता है. चीन के फुजियान की सड़क पर एक मोटा कबूतर इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का खूब ध्यान खींच रहा है. सड़क पर चारों ओर रेस्टोरेंट, फूड स्टॉल और स्कूटरों की भीड़ के बीच यह कबूतर बेहद आराम से टहलता है. वीडियो में कबूतर को बिना किसी डर के दुकानों और लोगों के बीच घूमते देखा जा सकता है.
गिरा हुआ स्ट्रीट फूड चुनकर खाता है कबूतर
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह कबूतर रोज ग्राहकों द्वारा गिराए गए फ्राइज, ब्रेड और स्नैक्स खाता था. धीरे-धीरे उसका वजन इतना बढ़ गया कि उसे जमीन से उड़ने में भी परेशानी होने लगी. इसी अनोखी वजह से यह कबूतर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कबूतर धीरे-धीरे चिकन में बदल रहा
सोशल मीडिया पर आई मजेदार प्रतिक्रियाएं वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर जमकर मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं. कई लोगों ने लिखा कि कबूतर ने ‘आसमान छोड़कर स्ट्रीट फूड का रास्ता चुन लिया है.’ वहीं कुछ यूजर्स ने मजाक में कहा कि ‘यह कबूतर धीरे-धीरे चिकन में बदल रहा है.’
विशेषज्ञों ने बताई असली सच्चाई
हालांकि, कबूतर को लेकर वायरल हो रही कहानी पर पक्षी विशेषज्ञों ने अलग राय दी है. विशेषज्ञों के मुताबिक, यह कोई जंगली कबूतर नहीं बल्कि ‘मोडेना’ नस्ल का घरेलू कबूतर है. इस नस्ल को खास तौर पर शो और प्रदर्शन के लिए पाला जाता है. मोडेना कबूतर की पहचान उसका गोल-मटोल शरीर, छोटी गर्दन और छोटे पंख होते हैं. यही वजह है कि यह सामान्य कबूतरों की तरह लंबी उड़ान नहीं भर पाता. इसका भारी शरीर सिर्फ ज्यादा खाने की वजह से नहीं, बल्कि इसकी नस्ल की प्राकृतिक बनावट का हिस्सा है. सड़क पर बेफिक्र होकर घूमते इस पक्षी का वीडियो लाखों बार देखा जा चुका है और लोग इसे फूड लवर कबूतर का नाम दे रहे हैं.




