22-23 मार्च को रद्द रहेंगी दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे से होकर गुजरने वाली ये ट्रेनें, देखिए लिस्ट

दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे के रायपुर मंडल के अंतर्गत हथबंद-भाटापारा सेक्शन में रोड अंडरब्रिज निर्माण कार्य के चलते 22 और 23 मार्च को रेल यातायात प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन द्वारा लेवल क्रॉसिंग क्रमांक 389 पर गर्डर हटाने के लिए ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके कारण कई यात्री ट्रेनों को रद्द और कुछ को आंशिक रूप से संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
रविवार (22 मार्च) को रद्द रहेंगी ये ट्रेनें
रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार (22 मार्च) को रायपुर-बिलासपुर, बिलासपुर-रायपुर, बिलासपुर-गेवरा रोड, गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसके साथ ही कोरबा-रायपुर और रायपुर-इतवारी पैसेंजर ट्रेनें भी निरस्त रहेंगी।
सोमवार (23 मार्च) को रद्द रहेंगी ये ट्रेन
इसके अलावा सोमवार को इतवारी-रायपुर तथा रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर ट्रेनों का संचालन रद्द किया गया है।
रविवार को आंशिक रद्द रहने वाली ट्रेन
22 मार्च को झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर ट्रेन केवल बिलासपुर तक ही संचालित होगी, जबकि गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर बिलासपुर से प्रारंभ होगी। इस दौरान बिलासपुर और गोंदिया के बीच इन ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके
अप्रैल में गोंदिया स्टेशन पर 20 दिन रहेगा मेगा ब्लॉक
इसके अलावा छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत गोंदिया रेलवे स्टेशन पर व्यापक ट्रैक सुधार कार्य के चलते 5 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक 20 दिनों का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस अवधि में कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
वॉशेबल एप्रन को हटाकर बैलेस्टेड ट्रैक में किया जा रहा परिवर्तित
रेल प्रशासन के अनुसार प्लेटफॉर्म नंबर-3 (लाइन नंबर-5) पर स्थित वॉशेबल एप्रन को हटाकर बैलेस्टेड ट्रैक में परिवर्तित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य के कारण कई प्रमुख ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में पूर्णतः रद्द किया गया है।
अप्रैल महीने में रद्द रहने वाली प्रमुख ट्रेनें
रद्द होने वाली प्रमुख ट्रेनों में शालीमार-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (कोरबा-अमृतसर), गोंडवाना एक्सप्रेस (हजरत निजामुद्दीन-रायगढ़) तथा विशाखापत्तनम-निजामुद्दीन एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अतिरिक्त स्थानीय स्तर पर संचालित मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को भी अस्थायी रूप से निरस्त किया गया है।
इन ट्रेनों के संचालन में रहेगा आंशिक परिवर्तन
वहीं कुछ ट्रेनों के संचालन में आंशिक परिवर्तन किया गया है। गोंदिया से चलने वाली कई पैसेंजर ट्रेनें अब हिरदामाली स्टेशन तक ही संचालित होंगी, जबकि गोंदिया तक का हिस्सा रद्द रहेगा। बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस को दुर्ग स्टेशन तक सीमित कर दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य ट्रेनों की गति बढ़ाने, सुरक्षा को सुदृढ़ करने और परिचालन को अधिक सुचारू बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

