छत्तीसगढ़

सेक्रो बिलासपुर मंडल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला कर्मचारियों का सम्मान समारोह आयोजित

सेक्रो बिलासपुर मंडल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला कर्मचारियों का सम्मान समारोह आयोजित । बिलासपुर – 16 मार्च 2026 सेक्रो (SECRWO) बिलासपुर मंडल रेलवे के कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए सदैव सक्रिय रूप से कार्यरत रहा है। इसके साथ ही सेक्रो बिलासपुर मंडल समय-समय पर भारतीय संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। इसी क्रम में दिनांक 16 मार्च 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मंडल सेक्रो द्वारा मंडल की महिला कर्मचारियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से रेलवे ऑडिटोरियम, बिलासपुर में एक गरिमामय सम्मान-समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मंडल सेक्रो अध्यक्षा श्रीमती रीता श्रीवास्तव रहीं। इस अवसर पर सेक्रो की सचिव श्रीमती मोनिका देवांगन, कोषाध्यक्ष श्रीमती अर्पिता गर्ग, अन्य पदाधिकारी सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में महिला रेलकर्मी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ सेक्रो अध्यक्षा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात महिला कर्मचारियों के मनोरंजन एवं उत्साहवर्धन हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इस दौरान अग्रज नाटक दल द्वारा प्रस्तुत सामाजिक संदेश पर आधारित नाटक “ए नोट टू सुसाइड” को उपस्थित दर्शकों ने अत्यंत सराहा, जिसने कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिला कर्मचारियों का भरपूर मनोरंजन करते हुए उनका उत्साह भी बढ़ाया।

कार्यक्रम के दौरान रेल संचालन में उत्कृष्ट कार्य संपादित करने वाली बिलासपुर मंडल की 38 महिला कर्मचारियों एवं जेईई परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 4 प्रतिभावान छात्रों को मंडल सेक्रो अध्यक्षा श्रीमती रीता श्रीवास्तव के करकमलों से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि एवं मंडल सेक्रो अध्यक्षा श्रीमती रीता श्रीवास्तव ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं अपनी प्रतिभा, साहस और समर्पण के बल पर प्रत्येक क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही हैं तथा समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी प्रेरणादायी और साहसी महिलाओं की उपलब्धियों तथा आपके द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों का वर्णन कुछ शब्दों में करना संभव नहीं है। आप में से प्रत्येक में निहित विशेष क्षमताएं और आत्मविश्वास आपको निरंतर आगे बढ़ने और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। इस दौरान उन्होंने आरपीएफ की महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित ‘मेरी सहेली’, ‘अक्षिता सेफ’ तथा ‘चाइल्ड हेल्पलाइन’ जैसी जनकल्याणकारी पहलों की सराहना की और इन प्रयासों को यात्रियों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा और सहायता के लिए अत्यंत सराहनीय बताया। साथ ही उन्होंने सेक्रो द्वारा विगत वर्षों में कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण, सामाजिक सरोकारों तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में किए गए विभिन्न कार्यों एवं आयोजनों की जानकारी भी उपस्थित महिला कर्मचारियों एवं अतिथियों को प्रदान की।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button