गर्मी में यात्रियों को राहत देने की पहल, बिलासपुर मंडल के स्टेशनों पर “निःशुल्क प्याऊ” स्थापना को प्रोत्साहन

गर्मी में यात्रियों को राहत देने की पहल, बिलासपुर मंडल के स्टेशनों पर “निःशुल्क प्याऊ” स्थापना को प्रोत्साहन
बिलासपुर – 16 मार्च 2026 गर्मी के मौसम में रेल यात्रियों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिलासपुर रेल मंडल द्वारा एक सराहनीय पहल की जा रही है। मंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं वेलफेयर एसोसिएशनों के सहयोग से निःशुल्क “प्याऊ” स्थापित किए जाने को प्रोत्साहित किया जा रहा है |
सामान्यतः गर्मी के मौसम में विभिन्न सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थान तथा वेलफेयर एसोसिएशन यात्रियों की सेवा के उद्देश्य से स्टेशनों पर प्याऊ के माध्यम से निःशुल्क पेयजल उपलब्ध कराने के इच्छुक रहते हैं। इसी भावना को प्रोत्साहित करते हुए बिलासपुर रेल मंडल द्वारा ऐसी संस्थाओं को रेलवे स्टेशनों पर प्याऊ स्थापित करने के लिए सहयोग और आवश्यक अनुमति प्रदान की जा रही है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि मंडल रेल प्रशासन गर्मी के मौसम में यात्रियों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके साथ ही स्टेशनों पर पेयजल की अतिरिक्त आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए समाजसेवी संस्थाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को भी निःशुल्क प्याऊ खोलने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। इस पहल का उद्देश्य गर्मी के मौसम में रेल यात्रियों को निःशुल्क पेयजल उपलब्ध कराना तथा सामाजिक भागीदारी के माध्यम से यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाना है।
इस संबंध में बिलासपुर मंडल के सभी सेक्शनल वाणिज्य निरीक्षकों एवं वाणिज्य अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे स्थानीय एनजीओ, वेलफेयर एसोसिएशन तथा अन्य स्वैच्छिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर निःशुल्क प्याऊ स्थापित करने के लिए त्वरित अनुमति प्रदान करें, ताकि यह व्यवस्था सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।
रेलवे प्रशासन ने सामाजिक संगठनों, संस्थानों तथा इच्छुक व्यक्तियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी रेलवे स्टेशनों के वाणिज्य निरीक्षकों से संपर्क कर स्टेशनों पर प्याऊ स्थापित कर यात्रियों की सेवा में अपना योगदान दें। यह पहल न केवल यात्रियों को राहत प्रदान करेगी, बल्कि सामाजिक सहभागिता के माध्यम से जनसेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल भी प्रस्तुत करेगी।



