देश दुनिया

बैतूल में सड़क किनारे खड़ी क्रेन से टकराई कार, तीन युवकों की मौत, दो घायल

नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में इटारसी रोड पर सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें भी एक की हालत गंभीर होने पर परिजन नागपुर के अस्पताल ले गए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार बैतूल के गंज और रामनगर में रहने वाले पांच दोस्त रात में किसी ढाबे से भोजन कर कार से वापस बैतूल लौट रहे थे। इटारसी रोड पर बसंत पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी क्रेन से कार की सीधी टक्कर हो गई। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और सभी भीतर फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार के शीशे तोड़कर सभी को बाहर निकाला।

हादसे में गर्ग कॉलोनी निवासी ऋतिक सोलंकी (30), रामनगर निवासी विनय प्रजापति (21) और अभय ठाकुर (22) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। गंज निवासी देवा पांडे (32) तथा रामनगर निवासी आकाश पाल (30) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल ले जाया गया। आकाश पाल की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है।

पुलिस को आरंभिक जानकारी मिली है कि मृतक ऋतिक सोलंकी भोपाल में किराये का वाहन चलाता था, अभय ठाकुर एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था।

Related Articles

Back to top button