5वें दिन रामगढ़ क्रेटर के आसपास रहा चीता केपी-2 का मूवमेंट

जिले में शनिवार को कूनो से आया चीता बुधवार को 5वें दिन रामगढ़ क्रेटर क्षेत्र में मूवमेंट करता रहा। बुधवार को चीता केपी 2 ने ज्यादा दूर तक मूवमेंट नहीं किया। चीता ने केवल सरसों के खेत और आसपास के क्षेत्र में मूवमेंट किया। वन विभाग की टीम लगातार चीता का निगरानी में जुटी हुई है। साथ ही मेडिकल टीम को भी मौके पर तैनात किया है। कूनो से आई टीमें चीता के प्राकृतिक रुप से वापस कूनो में लौटने का इंतजार कर रही है। चीता केपी 2 रामगढ़ में भी पूर्व में 15 दिन से ज्यादा रुककर गया था। बुधवार को भी इसका मूवमेंट असनावर के पास कूल नदी के किनारे पर रहा। यह रामगढ़ क्रेटर के पास ही है। रेंजर दीपक शर्मा ने बताया कि बुधवार शाम को यह क्रेटर के पिछले हिस्से में काला पट्टा नदी के किनारे मूवमेंट करता रहा और गोपालपुरा के निकट जंगलों में पहुंच गया था। अब चीता रामगढ़ के आसपास के क्षेत्र को लगातार पहचानने की कोशिश कर रहा है।
चीता की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त रूप से टीम लगाई गई हैं। 10 से 15 किमी क्षेत्र में मूवमेंट कर रहा कूनो से आने के बाद से चीता केपी 2 दुबारा यहां आकर वापस प्राकृतिक आवास में ढल गया है। चीता लगातार 10 से 15 किमी क्षेत्र में मूवमेंट कर रहा है और निश्चित अंतराल पर शिकार भी कर रहा है। ऐसे में अब चीता वापस अपनी टेरिटरी बनाने की कोशिश कर रहा है। ^रामगढ़ क्षेत्र में बुधवार को चीता केपी 2 का मूवमेंट रहा है। मौके पर कूनो के अलावा बारां वन विभाग की टीमें भी तैनात की गई है। कोई ज्यादा बड़े क्षेत्र में चीता ने मूवमेंट नही किया है। – विवेकानंद माणिकराव बडे, डीएफओ, बारां




